पटियाला। सरकार ने नर्सों व निचले स्टाफ से लेकर डॉक्टरों व सुपर स्पेशलिस्टों की भर्ती के लिए भी मंजूरी दे दी है। इसके अलावा वैक्सीन आने पर इसे लगाने की तैयारियां भी पूरी कर ली गई हैै। यह जानकारी चिकित्सा शिक्षा और अनुसंधान मंत्री ओम प्रकाश सोनी ने दी। वे मंगलवार को सरकारी मेडिकल कॉलेज और राजिंदरा अस्पताल में कोविड-19 के इलाज प्रबंधों समेत विकास कामों का जायजा लेने पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि सरकारी राजिंदरा अस्पताल व मेडिकल कॉलेज की मरम्मत और नवीनीकरण पर 76 करोड़ रुपये खर्च किये जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि बताया कि कोविड-19 की अगली लहर से निपटने के लिए भी सरकार ने कमर कस ली है। उन्होंने निर्माण कार्यों में ढीलापन बरतने पर संबंधित अधिकारियों को डांट लगाई और 31 मार्च तक कार्यों को पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किसी काम में किसी तरह की लापरवाही को सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने आदेश दिया कि मेडिकल कॉलेज में नवनिर्मित इंस्टीट्यूशन बिल्डिंग को भी इस्तेमाल में लाया जाए। इस मौके प्रमुख सचिव डीके तिवाड़ी भी मौजूद रहे।