पटियाला। पंजाब में अब हर रविवार को बस अड्डों की सफाई को विशेष मुहिम चलेगी। साथ ही बस अड्डों के अंदर बने शौचालयों की सफाई रोजाना के आधार पर की जानी यकीनी बनाई जाएगी। पंजाब के ट्रांसपोर्ट मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने इस संबंधी आदेश जारी किए हैं। जिस पर अमल करते हुए पटियाला में रविवार को बस स्टैंड पर विशेष अभियान चलाकर साफ-सफाई की गई।
इस मौके पटियाला डिपो के जनरल मैनेजर इंजीनियर जतिंदरपाल सिंह ग्रेवाल ने बताया कि बस अड्डों के शौचालयों को रोजाना आधार पर साफ करने की हिदायत दी गई है। इसके अलावा तैनात कर्मचारियों को कहा गया है कि दिए गए निर्देशों का सख्ती से पालन यकीनी बनाया जाए। जिससे सवारियों व आम लोगों को कोई परेशानी न हो। अगर साफ-सफाई के बारे में शिकायत प्राप्त होगी तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि बस अड्डों पर आमतौर पर जगह-जगह गंदगी फैली रहती है, लेकिन अब पंजाब में आप सरकार के गठन के बाद से बस अड्डों की सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।