पटियाला। दावों के विपरीत जेलों में बंदियों से मोबाइलों की बरामदगी का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। इसी कड़ी में नाभा की नई जिला जेल से चार मोबाइल समेत सिम, चार्ज, डाटा केबल व ईयर फोन बरामद किए गए हैं। इस मामले में चार हवालातियों के खिलाफ थाना सदर नाभा पुलिस ने जेल प्रशासन की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है।
मामले में जांच शुरू हो गई है कि इन बंदियों के पास मोबाइल कैसे पहुंचे और क्या इसमें किसी जेल मुलाजिम या अधिकारी की भी मिलीभगत है या नहीं।
नाभा की नई जिला जेल के सहायक सुपरिंटेंडेंट राहुल चौधरी ने पुलिस पास बयान दिया कि एक गुप्त सूचना के आधार पर सिक्योरिटी जोन नंबर 14 की चक्की में बंद हवालाती जसप्रीत सिंह निवासी गांव डाडी जिला रोपड़ की तलाशी लेने पर उसके कपड़ों वाले बैग में से एक मोबाइल बिना सिम बरामद हुआ।
इसी तरह से वार्ड नंबर एक की बैरक नंबर 11 की तलाशी दौरान हवालाती जरमनजीत सिंह निवासी रामपुर भूत विंड तरनतारन के तकिये के नीचे से एक मोबाइल समेत सिम, एक मोबाइल चार्जर, दो डाटा केबल और एक ईयरफोन बरामद हुए। हवालाती सन्नी निवासी धधल थाना घरिंडा जिला अमृतसर की तलाशी लेने पर उसकी लोअर में से एक मोबाइल समेत सिम बरामद किया गया। इसी तरह से बैरक नंबर 3/1 की चक्की नंबर दो में बंद हवालाती अभिषेक जैन निवासी मोहल्ला सुंदर नगर थाना दरेसी लुधियाना की तलाशी करने पर एक मोबाइल समेत सिम बरामद किया गया। सभी हवालातियों को नामजद करने के बाद मामले में जांच शुरू हो गई है।