मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने कहा कि प्रदेश सरकार कानून के दायरे में रहकर देश की विभिन्न जेलों में बंद सिख कैदियों की रिहाई के लिए हर संभव कोशिश कर रही है। सोमवार को धूरी विधानसभा हलके में संगत दर्शन कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते सीएम ने कहा कि सूबा सरकार ऐसे कैदियों की रिहाई के लिए यत्न कर रही है जो सजा पूरी होने के बाद भी जेलों में बंद हैं।
यह एक संवेदनशील मुद्दा है और प्रदेश सरकार इससे पैदा होने वाले हालातों पर पैनी नजर रखे हुए है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि इस मुद्दे को अच्छी तरह से समझे बगैर कोई भी कदम न उठाएं। उन्होंने कहा कि सूबे में अमन कानून की स्थिति को हर हाल में बरकरार रखा जाएगा और किसी भी व्यक्ति को अमन शांति भंग करने की इजाजत नहीं दी जाएगी।
अमेरिका में कैबिनेट मंत्री तोता सिंह खिलाफ हुए रोष प्रदर्शन की आलोचना करते मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसी घटनाएं सूबे के हितों का नुकसान करती हैं। उन्होंने कहा कि कुछ ऐसे लोग जिन्हें सूबे की जमीनी हकीकत के बारे में जानकारी नहीं है वे ऐसे कार्य करते हैं जो बिलकुल गलत है क्योंकि पहले भी ऐसी घटनाओं की वजह से पंजाब ने बहुत संताप भोगा है।
घग्गर दरिया के कारण सूबे में होती तबाही बारे पूछे सवाल का जवाब देते मुख्यमंत्री ने कहा कि सूबा सरकार इस जटिल समस्या के समाधान के लिए वचनबद्ध है और इस मसले का एक साल में समाधान कर लिया जाएगा।
वे लगातार इस मसले को केंद्र सरकार के पास उठा रहे हैं ताकि इसका जल्द हल किया जा सके। इस संबंधी प्रोजेक्ट का आधा कार्य पूरा हो चुका है और बाकी रहते कार्य को जल्द करवाने के लिए केंद्र सरकार के पास फि र से पहुंच करेंगे।
एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री बादल ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह झूठे बयान देकर लोगों को गुमराह करने के आदी हैं। अमरिंदर द्वारा उनके खिलाफ और सूबा सरकार खिलाफ लगाए गए सभी आरोप निराधार हैं। अमरिंदर ऐसे बयान लंबे समय से दे रहे हैं और इन बातों में कोई सच्चाई नहीं है।
सीएम बादल ने गांव माना, ईसी, लुहारमाजरा, खेड़ी जट्टां, मीमसा, चीमा, बुरजगोहर सेढां, जखलां, शेरपुर सोढियां में जनसभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि खेती के मौजूदा संकट में से निकलने के लिए किसानों को सहायक खेती धंधे अपनाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि इससे किसानों की आय बढ़ाने में सहायता मिलेगी। इस मौके पर वित्त मंत्री परमिंदर सिंह ढींढसा, हलका विधायक अमरगढ़ इकबाल सिंह झुंदा, हलका विधायक धूरी गोबिंद सिंह लोंगोवाल, मुख्यमंत्री के विशेष प्रमुख सचिव केजीएस चीमा, तेजा सिंह कमालपुर, सुरिंदर सिंह भलवान, डीसी अर्शदीप सिंह थिंद, एसएसपी मनदीप सिंह मौजूद थे।