राजपुरा के नजदीक गांव नलास में करीब 10 हजार करोड़ की लागत से लगाए जा रहे 1400 मेगावाट की क्षमता वाले ताप बिजली घर के 700 मेगावाट के पहले यूनिट का उद्घाटन पंजाब सरकार की ओर से दिसंबर 2013 के पहले हफ्ते किया जा रहा है।
इस संबंधी इस विशाल उद्घाटनी समारोह के लिए तैयारियां युद्ध स्तर पर शुरू हो गई हैं। इस बारे में प्रबंधों का जायजा लेने के लिए कैबिनेट मंत्री सुरजीत सिंह रखड़ा की ओर से जिले के डीसी जीके सिंह, एसएसपी हरदियाल सिंह मान, नाभा पावर लिमिटेड थर्मल प्लांट लगाने वाली कंपनी लारसन एंड टरबो के प्रबंधकों और अन्य अधिकारियों के साथ ताप बिजली घर में एक अहम मीटिंग की गई।
इस मौके पर बताया कि इस ताप बिजली घर के पहले यूनिट को दिसंबर 2013 के पहले हफ्ते चालू करके पंजाब के लोगों को समर्पित कर दिया जाएगा।
इस मौके पर थर्मल प्लांट लगाने वाली कंपनी लारसन एंड टरबो की नाभा पावर लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी उपिंदर सिंह, प्रोजेक्ट डायरेक्टर सुरेश कुमार नारंग और जनरल मैनेजर जेएस गिल ने बताया कि प्लांट के पहले यूनिट का 95 फीसदी से अधिक काम पूरा हो चुका है और दूसरे यूनिट का काम भी 90 फीसदी पूरा कर लिया गया है।
इस प्लांट के लिए पानी व कोयले की सप्लाई के प्रबंध हो चुके हैं, जबकि सारे ट्रांसफार्मर स्थापित करने समेत कूलिंग टावर, 24 लाख क्यूबिक मीटर पानी रेजवायर में जमा कर लिया गया है।
इसके अलावा ताप बिजली घर की चिमनी, कंट्रोल रूम इमारत, एसटीजी इमारत, स्विच यार्ड भी पूरी तरह से तैयार हैं। साथ ही बताया कि 1100 एकड़ में फैला यह ताप बिजली घर मौजूदा समय में करीब 8000 लोगों को रोजगार दे रहा है और इसके चालू हो जाने के बाद यह गिनती कई गुणा और बढ़ेगी।