जनवरी की तनख्वाह अब तक न मिलने से गुस्साए पंजाबी यूनिवर्सिटी के टीचिंग व नान टीचिंग मुलाजिमों का गुस्सा फूट पड़ा। इन मुलाजिमों ने रिटायरमेंट के बाद दोबारा नौकरी कर रहे अधिकारियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए जहां वीसी के पीए को उसके दफ्तर से भगा दिया, वहीं रजिस्टरार के पीए की नेम प्लेट तोड़ दी।
बड़ी गिनती में इकट्ठा इन मुलाजिमों ने वीसी दफ्तर का घेराव करने के बाद रोष मार्च करते हुए चंडीगढ़-पटियाला मुख्य सड़क पर जाम लगाकर वीसी का पुतला फूंका।मुलाजिम वीसी दफ्तर के आगे इकट्ठा हुए। सबसे पहले इन मुलाजिमों ने वीसी के पीए, जो रिटायरमेंट के बाद अपनी सेवाएं निभा रहे हैं, उनके दफ्तर पर हमला बोला।
पीए को भगाकर उसकी कुर्सी धरने में ले आए और तीखी नारेबाजी की। इसके बाद मुलाजिम रोष मार्च निकालते हुए रजिस्ट्रार के दफ्तर में पहुंच गए, जहां इन मुलाजिमों ने रजिस्टरार के पीए सुरजीत सिंह, जो सेवामुक्ति के बाद लगे हुए हैं, उनकी नेम प्लेट तोड़ कर फेंक दी। इसके बाद इन मुलाजिमों करीब दो घंटे पीयू कैंपस में रोष मार्च निकाला। फिर यह मुलाजिम चंडीगढ़-पटियाला मुख्य रोड पर पीयू के गेट पर आ गए।
इन मुलाजिमों ने वहां ट्रैफिक को जाम कर दिया और धरना लगा दिया। इस मौके पर धरनाकारियों ने वीसी का पुतला फूंका। धरने को कनवीनर अवतार सिंह, सुरिंदर सिंह चंदेल, सुखवीर पाल सिंह, जरनैल सिंह आदि ने संबोधित किया। इन्होंने चेतावनी दी कि अगर मुलाजिमों की मांगें जल्द न मानी, तो संघर्ष और तेज किया जाएगा।
मांगों में जनवरी महीने की तनख्वाह जारी करना और पीयू पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बने उन अधिकारियों को फौरी तौर से नौकरी से निकालने की मांग की, जो रिटायरमेंट के बाद दोबारा काम कर रहे हैं। पीयू प्रशासन ने मुलाजिमों में बढ़ते रोष को देखते हुए सिंडीकेट की बैठक बुलाई है। जानकारी के मुताबिक अगले दो दिनों में ही यह मीटिंग होने जा रही है जिसमें रिटायर्ड कर्मचारियों के बारे में ठोस फैसला लिया जाएगा।