फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पंजाब में आप को बड़ा झटका: तीन विधायक हुए बागी; जौड़ामाजरा, पठानमाजरा और कुंवर विजय प्रताप भाजपा में शामिल

Mon, 02 Nov 2026 02:06 PM IST
Nivedita न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़

सार

पंजाब में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। आम आदमी पार्टी की ओर से चुनाव के लिए 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी गई है। इसके बाद हरमीत सिंह पठानमाजरा, चेतन सिंह जौड़ामाजरा और कुंवर विजय प्रताप सिंह ने पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। 
विज्ञापन
आप के तीन विधायक भाजपा में शामिल - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले जोड़ तोड़ की राजनीति तेज हो गई है।
विज्ञापन


रविवार को आम आदमी पार्टी से इस्तीफा देने वाले पूर्व विधायक चेतन सिंह जौड़ामाजरा और हरमीत सिंह पठानमाजरा आज भाजपा में शामिल हो गए। उन्होंने दिल्ली में पार्टी का दामन थामा। उनके साथ ही कुंवर विजय प्रताप सिंह भी भाजपा में शामिल हो गए। तीनों नेताओं ने पार्टी के साथ ही विधायक पद भी छोड़ दिया है। 

पटियाला जिले की समाना विधानसभा सीट से विधायक चेतन सिंह जौड़ामाजरा ने रविवार को आम आदमी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। उनके साथ ही सनौर से विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा ने भी पार्टी से इस्तीफा दे दिया था।
विज्ञापन





कुंवर विजय प्रताप बोले-केजरीवाल ने झूठे वादे किए
भाजपा में शामिल होने के बाद कुंवर विजय प्रताप सिंह ने कहा कि पंजाब को हर तरह से लूटा गया है। यहां की शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और गुंडागर्दी का बोलबाला है। पंजाब के पुलिस थानों के हालात देखिए। मुख्यमंत्री के पास गृह विभाग है, वे एक राष्ट्रीय समाचार चैनल को इंटरव्यू दे रहे हैं। इससे बुरा और क्या हो सकता है? आए दिन जबरन वसूली की घटनाएं हो रही हैं। आम लोग, खासकर व्यापारी, डॉक्टर और जाने-माने लोग इससे प्रभावित हो रहे हैं, जबकि पुलिस मूकदर्शक बनी हुई है। मैं पहले आम आदमी पार्टी के साथ था। मैंने एक दूसरे मुद्दे पर इस्तीफा दे दिया था। अरविंद केजरीवाल ने मुझसे झूठे वादे किए और मुझे यकीन दिला दिया। खैर, मैं ही जानता हूं कि मैंने ये पांच साल कैसे काटे हैं। मैं अरविंद केजरीवाल के लिए नहीं जी रहा हूं। उन्होंने हमें बर्बाद कर दिया है। 

वहीं हरमीत सिंह पठानमाजरा ने कहा कि आने वाले चुनावों में बीजेपी सरकार बनाएगी। लोग सच में यही चाहते हैं। कुछ अहम मुद्दों के सुलझ जाने के बाद, हर कोई बीजेपी के साथ जुड़ने के लिए तैयार हो जाएगा। उन्होंने कहा कि मैं सभी से बीजेपी में शामिल होने की अपील करता हूं। पंजाब के सामने मौजूद समस्याओं—चाहे वह कर्ज का मुद्दा हो, नशे की समस्या हो या गैंगस्टरों की समस्या—को सुलझाने में सिर्फ बीजेपी ही सक्षम है। अमित शाह ने कहा था कि हम नशे की समस्या को खत्म कर देंगे। वे जो भी वादा करते हैं, उसे पूरा भी करते हैं। इसलिए, मेरी सभी से अपील है—आज पंजाब को बीजेपी की जरूरत है। अन्य पार्टियों द्वारा पंजाब पर लादे गए भारी कर्ज को देखते हुए, केंद्र के सहयोग के बिना पंजाब का काम नहीं चल सकता। आखिरकार, हर कोई बीजेपी के साथ ही आएगा। 

अकाली नेता बोले-कोई आप के साथ नहीं रहना चाहता
आम आदमी पार्टी के बागी नेताओं के भाजपा में शामिल होने पर वरिष्ठ अकाली नेता दलजीत सिंह चीमा ने कहा कि कोई भी विधायक आप के साथ नहीं रहना चाहता। सबको पता है कि आगे क्या होने वाला है। अब कौन गांव-गांव जाकर लोगों को यह जवाब देगा कि जब पंजाब को लूटा जा रहा था, तब वे चुप क्यों रहे? बस आचार संहिता लागू होने का इंतजार कीजिए। आपको एक भी सरपंच, जिला परिषद सदस्य या ब्लॉक समिति सदस्य उनके साथ खड़ा नहीं दिखेगा... ठीक वैसे ही, जैसे विधायक साढ़े चार साल बीतने का इंतजार कर रहे थे ताकि वे अयोग्य न हो जाएं... ब्लैकमेल, झूठ और गलत जानकारी फैलाने के अलावा, उन्होंने पंजाब में कोई काम नहीं किया है।



सदस्यता रद्द करवाने की मांग
वहीं आम आदमी पार्टी ने कहा है कि हरमीत सिंह पठानमाजरा और चेतन सिंह जौड़ामाजरा की विधानसभा सदस्यता रद्द करवाई जाएगी। आम आदमी पार्टी दोनों विधायकों की सदस्यता रद्द करने के लिए विधानसभा स्पीकर से मांग करेगी। पार्टी का दावा है कि विरोधी गतिविधियों के चलते दोनों विधायकों को आम आदमी पार्टी पहले ही सस्पेंड कर चुकी है। जिसके बाद दोनों विधायकों ने आम आदमी पार्टी से इस्तीफा दिया।
Trending Videos
विज्ञापन

टिकट न मिलने से थे नाराज  
समाना के विधायक चेतन सिंह जौड़ामाजरा और सनौर के विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा के इस्तीफे के पीछे आगामी चुनाव में टिकट न मिलने की नाराजगी को वजह बताया जा रहा है। शनिवार को आम आदमी पार्टी की ओर से 2027 विधानसभा चुनाव के लिए 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी किए जाने के बाद दोनों ने पार्टी छोड़ दी थी।

पूर्व आईपीएस हैं कुंवर विजय प्रताप सिंह
कुंवर विजय प्रताप सिंह पूर्व आईपीएस अधिकारी हैं। कुंवर विजय प्रताप कोटकपूरा व बहिबल कलां मामले की जांच करने वाली एसआईटी के प्रमुख रह चुके हैं। वे अमृतसर उत्तरी से विधायक हैं। आम आदमी पार्टी ने 2025 में कुंवर विजय प्रताप सिंह को 5 साल के लिए पार्टी से निलंबित कर दिया है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें