शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष व डिप्टी सीएम सुखबीर बादल ने पार्टी वर्करों को एकजुट करने तथा अंदरखाते होने वाली संभावित भीतरघात पर लगाम कसने के लिए नया दाव खेला है।
पार्टी के पहली व दूसरी कतार के नेताओं के अलावा वर्करों को सख्त संदेश देते कहा कि यदि किसी के वार्ड, गांव, कसबे, शहर अथवा विधानसभा क्षेत्र का चुनाव परिणाम नेगेटिव आया तो उसे संगठन या सरकार में किसी पद से नहीं नवाजा जाएगा।
शनिवार को सुनाम की नई अनाज मंडी में पार्टी वर्करों को लामबंद करने पहुंचे सुखबीर बादल ने कहा कि यदि बाढ़ ही खेत को खाने लगेगी तो भला कैसे होगा। उन्होंने साफ किया कि सुनाम सीट पर गोबिंद सिंह लोंगोवाल की जीत से कम उन्हें कुछ भी मंजूर नहीं है।
मुखालफ्त करने वाले बडे़ से बडे़ नेता को बख्शा नहीं जाएगा और इसके लिए हरेक हलके में पार्टी ने एक टीम तैनात की है। पूरे पंजाब में 21 सीटों पर त्रिकोणीय मुकाबले के आसार हैं जबकि शेष पर अकाली दल का कांग्रेस से मुकाबला है।
नवजोत सिद्धू कहीं से भी चुनाव लडे़ं, स्वागत है
सुखबीर बादल ने कहा कि नवजोत सिंह सिद्धू कहीं से भी चुनाव लडे़ं उनका स्वागत है। मुख्यमंत्री बादल अथवा खुद उनके खिलाफ चुनाव लड़ने की अटकलों संबंधी पूछे सवाल का उत्तर देते कहा कि सिद्धू चुनाव लड़ने के लिए आजाद हैं। उन्होंने कहा कि जलालाबाद में सांसद भगवंत मान की जमानत जब्त होगी। केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल के बयान का स्पष्टीकरण देते बादल ने कहा कि केंद्रीय मंत्री ने कानून तोड़ने वालों को सख्त सजा देने व हमला करने वालों को सहन नहीं करने की बात कही थी। इस मौके पर सांसद सुखदेव सिंह ढींढसा, गोबिंद सिंह लोंगोवाल, रविंदर चीमा, अमनवीर चैरी, विन्नरजीत सिंह हाजिर थे।