पेप्सू रोड ट्रांसपोर्ट कारपोरेशन (पीआरटीसी) में बड़ा तरक्की घोटाला सामने आया है। आरोप है कि कारपोरेशन मैनेजमेंट ने मंगलवार को जिन 25 कंडक्टरों को प्रमोट किया उनकी तरक्की पैसे लेकर की गई हैं। मामले के सामने आते ही एमडी ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी मुलाजिमों के प्रमोशन रद्द कर दिए। जनरल मैनेजर (प्रबंधकीय) आरएस औलख ने इसकी पुष्टि की है।
पीआरटीसी में मंगलवार को 25 कंडक्टरों को पदोन्नतियां देकर इन्हें सब इंस्पेक्टर बनाया गया था। पदोन्नति के कुछ घंटों के बाद बुधवार को एमडी रविंदर सिंह के पास शिकायत आई कि जिन कंडक्टरों की पदोन्नति हुई है उन्होंने प्रमोशन पाने के लिए आपस में पैसे इकट्ठे करके दिए हैं। कारपोरेशन में कोई भी तरक्की जीएम (प्रबंधकीय) और एमडी की ओर से की जाती है।
जीएम (प्रबंधकीय) आरएस औलख का कहना है कि कहा कि जब उन्होंने व एमडी ने केवल वरिष्ठता के आधार पर तरक्की की है तो आरोपी कंडक्टरों ने पदोन्नति पाने के लिए किसको पैसे इकट्ठा करके दिए हैं और क्यों। इन सवालों के जवाब पाने के लिए मामले को पुलिस के हवाले कर दिया गया है। एसएसपी को मामले की जांच के लिए पत्र लिखा गया है। साथ ही मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी कंडक्टरों के प्रमोशन रद्द कर दिए गए हैं। जीएम औलख ने कहा कि कंडक्टरों ने कारपोरेशन की छवि को खराब किया है। इनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।