पटियाला के सरकारी राजिंदरा अस्पताल में पीआरटीसी बस के घायल चालक का हालचाल पूछते चेयरमैन अवतार सिंह बराड़।
- फोटो : अमर उजाला
पेप्सू रोड ट्रांसपोर्ट कारपोरेशन (पीआरटीसी) के चेयरमैन अवतार सिंह बराड़ ने कारपोरेशन के पटियाला-नाभा रोड स्थित हेडआफिस की सुबह करीब 9 बजे अचानक चेकिंग की। इस दौरान 11 कर्मचारी गैरहाजिर पाए गए। चेकिंग दौरान उनके साथ पीआरटीसी के जीएम आरएस औलख भी मौजूद थे। चेयरमैन ने बताया कि गैरहाजिर कर्मचारियों के खिलाफ बनती विभागीय कार्रवाई के लिए जीएम (प्रशासन) को दिशा-निर्देश दिए गए हैं। उच्चाधिकारियों को यह भी निर्देश दिए हैं कि कर्मचारियों व अधिकारियों की समय पर हाजिरी को यकीनी बनाया जाए।
वहीं सरकारी राजिंदरा अस्पताल में उपचाराधीन पीआरटीसी के ड्राइवर गुरप्रीत सिंह का हालचाल पूछने के लिए चेयरमैन अस्पताल गए। इस मौके पर चेयरमैन ने ड्राइवर और उसके परिवार को कहा कि इलाज पर आने वाला सारा खर्च पीआरटीसी की ओर से किया जाएगा। पुलिस आरोपी कार सवारों को पकड़ने के लिए कोशिश कर रही है। गौरतलब है कि वीरवार को पीआरटीसी की बस मोहाली से पटियाला आ रही थी। इस दौरान उसके चालक गुरप्रीत सिंह को साइड न देने पर स्विफ्ट कार में सवार दो नौजवानों ने गोली मार कर घायल कर दिया था।