पटेल मेमोरियल नेशनल कालेज में पंजाबी विषय के वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. केसर सिंह केसर की याद में विशाल समारोह का आयोजन करवाया गया।
समारोह के दौरान पंजाबी विभाग के प्रमुख डॉ. जागीर सिंह ढेसा के परिवार की तरफ से एमए भाग पहला की छात्रा मनप्रीत कौर को पंजाबी यूनिवर्सिटी की परीक्षा में पहला स्थान प्राप्त करने पर 5100 रुपये की राशि इनाम स्वरूप दी गई।
समारोह में पीएमएन कालेज मैनेजमेंट कमेटी के प्रधान देवकी नंदन, वाइस प्रधान महिन्द्र सहगल, महासचिव राकेश सिंगला, सचिव सुरिन्द्र कौशल, प्रिंसिपल एमएम गुप्ता ने शमा रोशन कर समारोह का आगाज करवाया।
इस मौके पर देवकी नंदन ने बताया कि पीएमएन कालेज हरसंभव आधुनिक प्रणाली से विद्यार्थियों को शिक्षा के साधन मुहैया करवाने के लिए वचनबद्ध है।
उन्होंने कालेज के पोस्ट ग्रेजुएट पंजाबी विभाग की सराहना की और कहा कि विद्यार्थियों ने वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. केसर सिंह की याद को जीवंत कर जो समारोह करवाया है उसकी जितनी भी तारीफ की जाए उतनी कम है।
इस अवसर कालेज प्रिंसिपल डॉ. एमएम गुप्ता व पंजाबी विभाग प्रमुख जागीर सिंह ढेसा ने भी अपने विचार व्यक्त किए और सभी को डॉ. केसर सिंह के बताए मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया। पंजाबी साहित्य और संस्कृति को दर्शाती खोज पत्र नामक पत्रिका भी रिलीज की गई।
कालेज विद्यार्थियों ने भी डॉ. केसर सिंह के प्रति विचार रखे। इस मौके पर डॉ. मनदीप सिंह, रुपिंदर कौर ढेसा, प्रो. अमरिंदर सिंह टिवाणा, प्रो. राजीव बाहिया, डॉ. पवन कुमार आदि के अलावा समूह पंजाबी विभाग का स्टाफ व विद्यार्थी मौजूद थे।