मांगों को लेकर पंजाब सरकार और पावरकॉम मैनेजमेंट के रवैये से गुस्साए पावरकॉम पेंशनरों ने वीरवार को मिनी सचिवालय में डीसी दफ्तर के सामने धरना दिया।
पेंशनर्स एसोसिएशन पंजाब स्टेट पावर और ट्रांसमिशन कारपोरेशन लिमिटेड पटियाला स्टेट बाडी के आह्वान पर दिए इस धरने में डीए का बकाया रिलीज करने, जत्थेबंदी के दफ्तर बनाने के लिए सर्कल स्तर पर जगह देने समेत और कई मांगें उठाई गईं।
धरने को संबोधित करते हुए एसोसिएशन के जसमेल सिंह ढींढसा, संतोख सिंह बोपाराय, श्रीराम प्रकाश, अविनाश चंद्र शर्मा, धनवंत सिंह भट्ठल, चेत सिंह आदि ने सरकार व पावरकॉम मैनेजमेंट से मांग की कि एसोसिएशन के दफ्तर बनाने के लिए सर्कल स्तर पर जगह अलाट की जाए।
बिजली कनेक्शन दिया जाए और डीए का 23 महीनों का बकाया एक ही किश्त में तुरंत रिलीज किया जाए, जनवरी 2016 की छह प्रतिशत किश्त लागू की जाए, छठे वेतन आयोग की रिपोर्ट तुरंत लागू की जाए, कैशलेस स्कीम पूरी तरह से लागू की जाए।
इन मांगों को डीसी रामवीर सिंह के नाम एक ज्ञापन भी दिया गया। साथ ही सरकार को चेतावनी दी कि अगर मांगें तुरंत न मानी गईं, तो इसका खामियाजा 2017 के विधानसभा चुनावों में भुगतना पडे़गा।
पावरकॉम के पेंशनर एकजुट हैं और जत्थेबंदी के प्रति पूरी तरह से समर्पित हैं। इस मौके पर अगस्त के अंत में प्रदेशस्तरीय रोष धरना देने का एलान किया गया। धरने में राजिंदर सिंह, अजीत सिंह, महिंदर सिंह मल्होत्रा, गजन सिंह, मस्तान सिंह राजला मौजूद रहे।