पटियाला में पावरकाम हेडआफिस का घेराव करते बेरोजगार लाइनमैन
- फोटो : amarujala
गुस्साए बेरोजगार लाइनमैनों ने पावरकाम हेडआफिस का घेराव किया। बेरोजगार लाइनमैनों ने मेन गेट के आगे जोरदार धरना देकर पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस मौके पर 4000 बेरोजगार लाइनमैनों को पावरकाम में नियुक्तियां देने की मांग की गई। उधर यूनियन का आंदोलन सोमवार को 84वें दिन में दाखिल हो गया।
इस मौके पर बेरोजगार लाइनमैन यूनियन के प्रदेश प्रधान पिरमल सिंह, सोमा सिंह आदि ने कहा कि सीएम प्रकाश सिंह बादल ने अपने पिछले कार्यकाल में 5000 बेरोजगार लाइनमैनों को 10 दिनों के अंदर पावरकाम में भरती करने का ऐलान किया था, लेकिन पांच साल बीत जाने के बाद भी यह भरती पूरी नहीं हुई है। केवल एक हजार बेरोजगार लाइनमैनों को नौकरियां दी गई, बाकी रोजगार के लिए सड़कों पर भटकने के लिए मजबूर हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार की इन्हीं नीतियों के कारण उनके सभी त्योहार फीके जा रहे हैं। उनके बच्चे व घर की महिलाएं सड़कों पर बैठ कर आंदोलन कर रही हैं, लेकिन अब तक सरकार ने कोई सुध नहीं ली है। ऐलान किया कि 31 मार्च को गांव कौली में सीएम प्रकाश सिंह बादल की आमद पर उनके खिलाफ रोष प्रदर्शन किया जाएगा।