छात्र को अगवा कर घायल करने के बाद सड़क पर फेंकने का मामला सामने आया है। छात्र को कोलंबिया एशिया अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। त्रिपड़ी थाना पुलिस ने छात्र के बयान के आधार पर सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जांच अधिकारी त्रिपड़ी थाने के एएसआई जोगिंदर सिंह ने बताया कि पीड़ित छात्र अर्श जैन (16) अरविंद स्कूल में दसवीं का छात्र है। अर्श के पिता कपिल जैन निवासी त्रिपड़ी गली नंबर 13 ने बताया कि उनका बेटा अर्श सोमवार रात करीब पौने नौ बजे कटारिया बेकरी त्रिपड़ी के बाहर खड़ा था।
इस दौरान वहां एक सफेद रंग की स्कार्पियो आकर रुकी जिसमें से सात लोग उतरे और अर्श को गाड़ी में डालकर ले गए। सभी आरोपियों ने मुंह ढके हुए थे। उन्होंने अर्श को मारा पीटा और गांव हसनपुर के पास पेट्रोल पंप के नजदीक झाड़ियों में जख्मी हालत में फेंककर फरार हो गए। पास से गुजर रहे लोगों की मदद से अर्श ने अपने परिजनों और थाना त्रिपड़ी पुलिस को सूचित किया।
पुलिस ने बताया कि अर्श जैन की बाईं बाजू में कांच से जख्म किए गए हैं। अर्श के बयान के आधार पर सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। एएसआई जोगिंदर सिंह ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की मदद ली जा रही है। शायद इनके जरिए किडनेपरों का सुराग मिल सके।