पटियाला। सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए गर्मी की छुट्टियां उपयोगी बनाने के लिए शिक्षा विभाग ने एक बड़ा कदम उठाया है। इसके तहत ऑनलाइन समर कैंपों का आयोजन करके विद्यार्थियों को पढ़ाई से जोड़ा जाएगा। साथ ही विभिन्न विषयों की ऑनलाइन गतिविधियां कराई जाएंगी। इमसें खास तौर पर सामाजिक शिक्षा और अंग्रेजी पर ध्यान दिया जाएगा।
जिला शिक्षा अधिकारी (सीनियर सेकेंडरी) हरिंदर कौर ने बताया कि सरकारी स्कूलों के छात्रों में अंग्रेजी बोलने का अभ्यास बना रहे, इसलिए समर कैंपों में इसमें ध्यान दिया जाएगा। साथ ही प्रयोगी तरीके से सामाजिक शिक्षा का ज्ञान भी दिया जाएगा। अंग्रेजी विषय के लिए हैंड राइटिंग, पब्लिक स्पीकिंग, शो एंड टैल, स्टोरी टैलिंग, कविता गायन, अखबार, किताब रिव्यू और स्क्रैप बुक तैयार करने समेत कुल 13 गतिविधियां वर्चुअल रूप से करवाई जाएगी। इसके अलावा अगर कोई अन्य गतिविधि अपने स्तर पर अंग्रेजी विषय का अध्यापक चाहे तो करा सकते हैं।
इसी तरह से सामाजिक शिक्षा विषय के अधीन विद्यार्थियों के लिए स्कूल, गांव, घर का नक्शा तैयार करने, विभिन्न किस्मों की मिट्टी से स्क्रैप बुक तैयार करने, ऐतिहासिक इमारतों और देश भक्तों की तस्वीरें इकट्ठा करके स्क्रैप बुक तैयार करने और गुब्बारे की मदद से ग्लोब की तरह सागर, महासगर आदि दिखाने समेत कुल 11 क्रियाएं करवाई जाएगी। अपने स्तर पर कोई अन्य गतिविधि भी इस विषय का अध्यापक करा सकता है। डिप्टी डीईओ (सीनियर सेकेंडरी) सुखविंदर खोसला ने कहा कि ऑनलाइन गतिविधियां कराने का मुख्य मकसद यह है कि विद्यार्थी पढ़ाई से जुड़े रहे और अध्यापकों के साथ उनका तालमेल बना रहे।