समाना। गांव रेतगढ़ के पास शुक्रवार को एक कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में गांव लालागढ़ निवासी परमजीत के इकलौते पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसका दोस्त गुरविन्द्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने उसे सिविल अस्पताल में दाखिल कराया जहां से डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे राजिंदरा अस्पताल रैफर कर दिया।
गांव लालगढ़ निवासी परमजीत सिंह ने बताया कि उसके घर में शुक्रवार को सुख शांति के लिए अखंड पाठ साहिब शुरू किया गया था। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए परमजीत सिंह के दोस्त और रिश्तेदार भी गांव लालगढ़ में परमजीत के घर आए हुए थे।
इस दौरान युवक सिमरनजीत सिंह (20) अपने दोस्त गुरविन्द्र सिंह (22) निवासी गांव सागरा के साथ कार में किसी काम से समाना आया था। जैैसे ही पातडां रोड पर स्थित गांव रेतगढ के निकट पहुंचा।
उनकी कार बेकाबू होकर सड़क के किनारे एक पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और कार चला रहे सिमरनजीत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
उसके साथ बैठा गुरविन्द्र सिंह भी इस दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया । घटना की सूचना मिलते ही परमजीत सिंह के घर में कोहराम मच गया ।