राजिंदरा अस्पताल में मंगलवार को डिलीवरी के दौरान एक महिला की मौत हो गई। परिजनों ने डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही करने का आरोप लगाते हुए अस्पताल की इमरजेंसी के आगे धरना लगाकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। खबर लिखे जाने तक पुलिस मामले की जांच कर रही थी।
मरने वाली महिला मोनू (28) निवासी धीरू की बस्ती के पति गुरविंदर ने बताया कि उसकी पत्नी को दूसरा बच्चा होने वाला था। डिलीवरी के लिए राजिंदरा के गायनी वार्ड में दाखिल कराया गया था।
कुछ देर पहले उनसे खून मंगवाया गया। साथ ही डॉक्टरों ने कहा कि मरीज ठीक है और नार्मल डिलीवरी ही होगी। कुछ देर बाद फिर खून मंगवाया और कहा कि मरीज की हालत कुछ खराब है, जिस कारण आपरेशन करना पड़ सकता है।
बावजूद इसके मौके पर कोई सीनियर डॉक्टर नहीं पहुंचा। पहले तो काफी समय तक बताया ही नहीं गया कि उनका मरीज कैसा है। बाद में बार-बार पूछने पर एक जूनियर डॉक्टर ने घबराते हुए कहा कि उनके मरीज की मौत हो चुकी है। परिजनों ने मांग की है कि वार्ड के संबंधित डॉक्टर, जिसकी मंगलवार को ड्यूटी थी, उसके खिलाफ इलाज में लापरवाही करने के आरोप तहत केस दर्ज किया जाए।
इस संबंध में संबंधित माडल टाउन चौकी इंचार्ज गुरनाम सिंह ने कहा कि वह मृतक महिला के परिजनों के बयान लिख रहे हैं। इसके बाद जो भी बनती कार्रवाई होगी, जरूर की जाएगी।