सुनाम में पटियाला मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर धरने पर बैठे आप नेता व लोग।
- फोटो : अमर उजाला
कैश न मिलने से गुस्साए लोगों ने सुनाम-पटियाला मुख्य सड़क पर चक्काजाम करके यातायात बाधित कर दिया। साथ ही स्टेट बैंक ऑफ की शाखा के सामने नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। इस दौरान सियासत का दौर भी खूब चला।
विधानसभा चुनाव लड़ने वाले नेताओं ने आंदोलन में शामिल होकर खूब सियासी रोटियां सेंकी। कांग्रेस की प्रत्याशी दामन बाजवा ने अपने समर्थकों समेत रोड पर धरना दिया वहीं आम आदमी पार्टी के नेता अमन अरोड़ा ने भी अपने समर्थकों से साथ लोगों के आंदोलन में शामिल होकर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली।
दो घंटे तक चक्काजाम होने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बसों से लेकर चंडीगढ़ व बठिंडा जाने वाले वाहनों के रूट बदलने पडे़।
धरने को संबोधित करते हुए आप के नेता अमन अरोड़ा ने कहा कि देर रात से ही लोग, लाइनों में लगकर बैंकों की खाक छान रहे हैं जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बडे़ बडे़ दावे करने में व्यस्त हैं।
नोटबंदी की कीमत आम आदमी चुका रहा है। दूसरी तरफ कांग्रेस समर्थकों के धरने को संबोधित करते दामन बाजवा ने कहा कि मोदी सरकार के इस फैसले ने सभी देश वासियों को परेशानी में डाल दिया है।
ओबीसी के सामने फिर लगी लोगों की लंबी कतारें
यहां के ओबीसी बैंक के समक्ष लोगों की कतारें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बैंक की उक्त शाखा लगातार चर्चा में है। लोगों ने बैंक की कार्यप्रणाली को सुधारने की मांग की है।
-