पटियाला। पंजाब में घनी धुंध से फिलहाल राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। 9 दिसंबर से लेकर अगले तीन दिन के जारी येलो अलर्ट के बाद वीरवार को मौसम विभाग ने 12 दिसंबर के लिए भी चेतावनी जारी कर दी है। इसके मुताबिक 12 दिसंबर को भी पंजाब के मालवा, दोआबा व माझा क्षेत्रों के सभी जिलों में सुबह व देर शाम को घनी धुंध पड़ेगी।
मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक वीरवार को भी प्रदेश के सात जिलों कपूरथला, जालंधर, फरीदकोट, मुक्तसर, बठिंडा, लुधियाना और बरनाला में सुबह के समय घनी धुंध पड़ी। इस दौरान कुछ जगहों पर बाहरी इलाकों में दृश्यता 500 मीटर तक रही, जिस वजह से लोगों को वाहन चलाने में दिक्कत पेश आई।
वहीं वीरवार को पंजाब में बठिंडा सबसे कम 4.4 डिग्री के न्यूनतम तापमान के साथ सबसे ठंडा रहा। इसके अलावा रोपड़ का न्यूनतम तापमान 5.1, होशियारपुर का 5.9, मुक्तसर का 6.1, फरीदकोट का न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री, जालंधर का 6.7, मोगा का 7.1, अमृतसर व गुरदासपुर का 7.2, लुधियाना का न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री दर्ज किया गया।
ठंड में बुजुर्गों व छोटे बच्चों के बचाव को किन बातों का रखें ध्यान
ठंड के बढ़ते मौसम को देखते हुए सेहत विभाग ने इससे बचाव के लिए एडवाइजरी जारी की है। इसके तहत कार्यकारी सिविल सर्जन डॉ. संदीप कौर ने कहा कि इस मौसम में ज्यादातर बुजुर्ग व छोटे बच्चे ज्यादा प्रभावित होते हैं। इनको ठंड लगने से कई तरह की बीमारियां हो सकती हैं। इसलिए बुजुर्ग व ह्दय रोगों के मरीज सुबह व देर शाम के समय ज्यादा ठंड व धुंध होने पर सैर करने या घर से बाहर जाने से गुरेज करें। वहीं छोटे बच्चों को इस मौसम में निमोनिया होने का खतरा ज्यादा रहता है व ठंड लगने से छोटे बच्चों को उल्टी, दस्त भी लग सकते हैं। इसलिए बच्चों को सर्दी से बचाने के लिए गर्म कपड़े पहनाएं।
अस्थमा व सांस की बीमारी के मरीज भी बाहर न निकलें
सेहत विभाग से जिला एपिडिमोलोजिस्ट डॉ. सुमित सिंह के मुताबिक अस्थमा व सांस की बीमारी के मरीज भी ठंड के मौसम में घर से बाहर निकलने से गुरेज करें। खुराक में गर्म चीजों जैसे सूप, चाय, काफी, संतुलित खुराक का सेवन करें। इस मौसम में शरीर में पानी की कमी को पूरा करने के लिए थोड़े-थोड़े समय या जरूरत पड़ने पर गुनगुना पानी पिएं और संतुलित खुराक का सेवन करें।