पटियाला। पंजाब सरकार की ओर से सेवाएं खत्म करने की दी चेतावनी के बाद मंगलवार को जिले के तकरीबन सभी नेशनल हेल्थ मिशन (एनएचएम) मुलाजिमों ने हड़ताल समाप्त करके अपनी ड्यूटी ज्वाइन कर ली। इतना ही नहीं इन मुलाजिमों ने लिखकर भी दिया कि वह भविष्य में दोबारा हड़ताल पर नहीं जाएंगे।
गौरतलब है कि कोरोना के इस संकट काल में एनएचएम मुलाजिम पिछले कुछ दिनों से हड़ताल पर चल रहे थे, जिससे सेहत सेवाएं प्रभावित हो रही थीं, जिसका पंजाब सरकार ने गंभीर नोटिस लिया था। गौरतलब है कि पंजाब सरकार ने हड़ताल पर चल रहे एनएचएम मुलाजिमों की सेवाएं खत्म करने संबंधी पत्र जारी कर दिया था। साथ ही तुरंत प्रभाव से नई भर्ती के लिए भी आदेश जारी कर दिए थे।
इसके बाद मंगलवार को सरकार ने एक और पत्र जारी करके हड़ताली मुलाजिमों को एक आखिरी मौका दिया था।। इसके जरिये कहा गया था कि अगर कोई हड़ताली एनएचएम मुलाजिम ड्यूटी ज्वाइन करना चाहता है, तो वह हड़ताल छोड़कर और भविष्य में ऐसा न करने का लिखित में वादा करके दोबारा काम पर आ सकता है। नौकरी से निकालने के सरकार के आदेश से डरे एनएचएम मुलाजिमों ने इस मौके को हाथ से जाने नहीं दिया। मुलाजिमों ने हड़ताल छोड़कर मंगलवार को ड्यूटी ज्वाइन कर ली।
इस संबंधी सिविल सर्जन डा. सतिंदर सिंह ने बताया कि जिले से संबंधित 100 के करीब एनएचएम मुलाजिम हड़ताल पर चल रहे थे। इन सभी ने हड़ताल वापस लेकर ड्यूटी करने का फैसला कर लिया है।