संगरूर के धूरी अनाज मंडी में जनसभा के दौरान मंच पर मौजूद राहुल गांधी।
- फोटो : अमर उजाला
कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने धूरी में कहा कि पंजाब में कांग्रेस की सरकार आने पर नशों के खिलाफ सख्त कानून बनाया जाएगा। नशे के सौदागरों को जेलों में डालकर उनकी जमीन जायदाद जब्त की जाएगी। वे धूरी की अनाज मंडी में आयोजित चुनाव रैली को संबोधित कर रहे थे।
इस दौरान राहुल गांधी ने कहा कि पंजाबियों को नए नए सपने दिखाने वाले केजरीवाल ने दिल्ली के लोगों का बुरा हाल कर रखा है। केजरीवाल नरेंद्र मोदी से भी बड़े ड्रामेबाज हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली में आटो चालकों, सफाई कर्मियों, झुग्गी झोपड़ी वालों से बात करके उसकी असलियत का पता लग सकता है। केजरीवाल खुद को सबसे ऊपर समझता है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सवाल उठाते हुए राहुल ने कहा कि मोदी द्वारा घोषित पंद्रह लाख रुपये अभी तक किसी के भी खाते में नहीं पहुंचे, उलटा पंजाब के कर्ज माफ करने के बारे भी कुछ नहीं सोचा। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार उद्योगपतियों के हितों के बारे में ही सोच रही है, किसानों की बदतर हालत उनकी नजर से परे है। इस मौके पर पूर्व सांसद विजयइंदर सिंगला के अलावा अन्य कांग्रेसी प्रत्याशी व नेता मौजूद थे।