मंडी गोबिंदगढ़ में हत्या के बाद घटनास्थल से सैंपल लेती फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट टीम।
- फोटो : अमर उजाला
गांव डडहेड़ी में कुछ दिन पहले ही बिहार के जिला शिवहर से आए एक खेत मजदूर की उसी के साथियों ने तकरारबाजी में सिर पर ईंट मारकर हत्या कर दी। घटना का पता खेत मालिक को सुबह 9 बजे उस समय लगा जब वह अपनी मोटर पर पहुंचा। इस पर किसान सतविंदर सिंह ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में प्रयोग हुई टूटी ईंटें भी कब्जे में ले ली हैं। मृतक की पहचान नरेश राय उर्फ नरेशी (43) पुत्र गगनदेव राय निवासी मोहलापुर आचल जिला शिवहर, बिहार के तौर पर हुई है। हत्या की घटना को अंजाम देने के बाद हत्यारे मृतक का मोबाइल फोन भी साथ में ले गए। घटना के संबंध में पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
मोटर के मालिक सतविंदर सिंह ने बताया कि वह रोज की तरह शुक्रवार को अपनी मोटर वाले कमरे में गया तो वहां पर नरेशी का शव खून से लथपथ पड़ा था और पास में ईंटें बिखरी हुई थीं। किसान ने बताया कि नरेशी काफी समय से इलाके में मजदूरी करता है और कभी-कभी उसके खेतों में भी काम करने आ जाता था। अभी चार दिन पहले ही वह उनकी मोटर पर रहने आया था। डीएसपी पुरुषोत्तम सिंह बल ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि सतिंदर सिंह के खेतों में बने कमरे में दो मजदूर सोनू औैर सौदागर रहते थे। दोनों बिहार के रहने वाले थे। बीती रात इन दोनों में किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। इसके बाद आरोपियों ने नरेशी को ईंटें मारकर मार डाला। आरोपी फरार हैं। उनकी मोबाइल लोकेशन तराशी जा रही है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।