अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला। सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशानुसार नगर निगम ने सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे और खास तौर पर धार्मिक ढांचों के जरिये सरकारी जगहों पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए एक विशेष अभियान शुरू किया है। भादसो रोड, परांठा मार्केट से पुराना बस अड्डा लाइटों और शहर के अन्य इलाकों में निगम ने सामान जब्त करने के अलावा जुर्माना भी लगाया है।
अभियान के दौरान इंस्पेक्टर विशाल वर्मा ने बताया कि सड़कों पर सामान रखने से लोगों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। खास तौर पर यातायात को पूरी तरह से बाधित कर दिया है। इतना ही नहीं शहर के कई लोगों ने धार्मिक भावनाओं का फायदा उठाकर अवैध अतिक्रमण कर भादसों रोड पर सड़क किनारे अवैध रूप से बनी एक पीर बाबा की दरगाह के सामने रखे सामान को हटाया गया। बाबा ने दरगाह से संबंधित शेष संरचनाओं और सामान को हटाने के लिए प्रशासन से एक दिन का समय मांगा है। इंस्पेक्टर विशाल वर्मा ने स्पष्ट किया कि यह अभियान किसी धर्म या व्यक्ति के विरुद्ध नहीं है, बल्कि सरकारी स्थानों को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए चल रही कानूनी कार्रवाई है। साथ ही कहा कि आने वाले दिनों में प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशानुसार अन्य क्षेत्रों में भी जिन स्थानों पर अवैध धार्मिक संरचनाएं हैं, उन्हें हटाया जाएगा। इस अवसर पर पुलिस के साथ नगर निगम की भूमि शाखा के पटवारी हरबंस सिंह और अन्य अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।