पटियाला। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता व नेता प्रतिपक्ष हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि पार्टी विधानसभा में प्रदेश में कांग्रेस की शह पर चल रहे खनन माफिया राज का मुद्दा उठाएगी। वह वीरवार को घन्नौर हलके के गांवों के दौरे पर पहुंचे थे। उनके साथ नीना मित्तल, गुरप्रीत संधू, विक्की घन्नौर भी थे।
चीमा ने कहा कि मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के अपने जिले में शराब माफिया, खनन माफिया और विभिन्न तरह के माफिया चल रहे हैं। जिले में कैप्टन सरकार की हिदायतों पर जिला प्रशासन ने आंखों पर पट्टी बांधी हुई है। गांवों में 30-30 फुट गहरी अवैध माइनिंग की जा रही है। लोगों के साथ हो रही हर तरह की धक्केशाही का आम आदमी पार्टी विरोध करेगी। आम आदमी पार्टी आने वाले विधानसभा सेशन में पटियाला समेत पंजाब भर में चल रहे माफिया राज का मुद्दा उठाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि शिअद प्रधान सुखबीर सिंह बादल की ओर से शुरू किए गए खनन माफिया मॉडल को अब कैप्टन आगे बढ़ा रहे हैं।