नशा तस्करी के केस में पटियाला की सेंट्रल जेल में बंद पूर्व कैबिनेट मंत्री बिक्रमजीत मजीठिया की जान को खतरा है। एडीजीपी (सुरक्षा) ने पटियाला जेल प्रशासन को पत्र लिखकर मजीठिया के लिए जेल में कड़े सुरक्षा प्रबंध करने का आदेश जारी किया है। इसके बाद मजीठिया की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
जेल अधीक्षक शिवराज सिंह नंदगढ़ ने बताया कि पत्र के मिलने के बाद मजीठिया को अलग बैरक में स्थानांतरित कर दिया गया है। इस ओर किसी कैदी या हवालाती को जाने की अनुमति नहीं है। अगर कोई भी उस तरफ आता जाता दिखा तो पूछताछ की जाएगी। मजीठिया को भी बैरक से बाहर नहीं आने दिया जा रहा है।
खाना-पानी सब अंदर ही मुहैया कराया जा रहा है। मजीठिया ने शुक्रवार को जेल के अंदर बने गुरुद्वारा साहिब में माथा टेकने की इच्छा जताई तो उन्हें कड़ी सुरक्षा में ले जाया गया। जेल अधीक्षक ने बताया कि जेल के सहायक अधीक्षक की अगुवाई में जेल मुलाजिम दिन रात मजीठिया की बैरक के बाहर कड़ा पहरा दे रहे हैं।
जेल अधीक्षक ने साफ किया कि मजीठिया को कोई वीआईपी ट्रीटमेंट नहीं दिया गया है। मजीठिया जेल का खाना खा रहे हैं और जेल के गद्दे पर सोते हैं। उन्हें कूलर, एसी व टीवी वगैरह की भी सुविधा नहीं दी गई है।
जेल मंत्री बोले- वीआईपी ट्रीटमेंट किसी को नहीं
पंजाब के जेल मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने भी साफ किया कि जेल में किसी भी कैदी को वीआईपी ट्रीटमेंट नहीं दिया जाएगा। हर कैदी के साथ जेल मैनुअल के मुताबिक एक जैसा व्यवहार होगा। साथ ही कहा कि अगर कोई भी जेल अधिकारी किसी कैदी को वीआईपी ट्रीटमेंट देते और तस्करी आदि में संलिप्त पाया गया तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।