बीडीपीओ दफ्तर में गांव कलौदी की आरक्षित हिस्से की जमीन की बोली दौरान पुलिस ने तीन दलित नेताओं को गिरफ्तार करके थाने में बंद कर दिया। इसके बाद भड़के दलितों ने थाना सिटी का घेराव करके जमकर नारेबाजी की। हालांकि इसके बाद पुलिस ने तीनों नेताओं को छोड़ दिया। इस मौके पर जमीन प्राप्ति संघर्ष कमेटी के जिलाध्यक्ष मुकेश मलौद ने कहा कि बीडीपीओ दफ्तर में गांव कलौदी की आरक्षित जमीन की बोली रखी गई थी। जब दलित जमीन की बोली के लिए दफ्तर में गए तो पहले ही गांव की पंचायत तथा अन्य कुछ जनरल वर्ग के लोग मौजूद थे जिसका दलितों ने विरोध जताना शुरू कर दिया।
इसके बाद गांव के धनाढ्यों ने दलितों से धक्केशाही करनी की कोशिश की और पुलिस को फोन करके बुला लिया। पुलिस ने तीन दलित नेताओं मेला सिंह, गुरतेज सिंह और मनदीप सिंह को गिरफ्तार करके थाने में बंद कर दिया। तीनों नेताओं की रिहाई की मांग को लेकर थाना सिटी का घेराव करके धरना लगा दिया गया। इस दौरान दलित नेताओं ने कहा कि उन्हें जमीन कम रेट पर दी जाए। इसके साथ ही मांग रखी कि दलितों में फूट डालने और विवाद खड़ा करने वाले गांव के पूर्व सरपंच के खिलाफ कार्रवाई की जाए।