लहरागागा के गांव भाठूआं में वित्त मंत्री से स्कूल को अपग्रेड करने की मांग करती महिलाएं।
- फोटो : अमर उजाला
लहरागागा हलके के गांव भाठूआं में रविवार को गांव के पीर बाबा कुर्डियां की दरगाह पर माथा टेकने के लिए वित्त मंत्री परमिंदर सिंह ढींढसा और पूर्व मुख्यमंत्री राजिंदर कौर भट्ठल एक ही समय पर पहुंच गए। इससे स्थिति असहज हो गई। शनिवार को वित्त मंत्री समागम को संबोधित कर रहे थे। इसी बीच बीबी भट्ठल अपने काफिले समेत गांव की मुख्य सड़क पर पहुंच गईं। बीबी भट्ठल ने अपने काफिले समेत सड़क पर ही रुककर वित्त मंत्री ढींढसा के जाने का इंतजार किया। जैसे ही वित्त मंत्री ढींढसा समागम से बाहर निकले बीबी भट्ठल का काफिला तुरंत समागम में पहुंच गया। समागम में वित्त मंत्री ने गांव के चार क्लबों को एक-एक लाख रुपये सरकारी ग्रांट देने का एलान करते हुए अकाली दल का साथ देने की अपील की।
दूसरी तरफ भट्ठल ने वर्तमान अकाली भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली। पीर कमेटी ने दोनों नेताओं को बुलाया था लेकिन दोनों नेताओं के एक ही समय पर पहुंचने से हालात असहज बन गए थे। समागम के दौरान गांव की बेटियों और महिलाओं ने क्लबों के पदाधिकारियों व गांव के जनप्रतिनिधियों से कहा कि गांव में आठवीं तक के सरकारी स्कूल को अपग्रेड करने की मांग वित्त मंत्री के समक्ष उठाई जाए लेकिन किसी ने महिलाओं की मांग पर ध्यान नहीं दिया। ऐसे में महिलाओं व लड़कियों ने आगे बढ़कर वित्त मंत्री ढींढसा के समक्ष स्वयं ही मांग उठाई। वित्त मंत्री ने अगले सेशन में स्कूल को अपग्रेड करने का भरोसा दिलाया है।