फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

छात्रा से छेड़छाड़, हेडमास्टर गिरफ्तार

Tue, 11 Feb 2014 10:40 AM IST
अमर उजाला, राजपुरा
विज्ञापन
विज्ञापन
सरकारी स्कूल के हेडमास्टर ने दसवीं की छात्रा के साथ छेड़छाड़ की। घटना शुक्रवार की है, लेकिन मामला सोमवार को सामने आया। गांव के लोगों ने जब अध्यापक से पूछा तो उसने लड़की के चरित्र पर सवाल उठा दिए।
विज्ञापन


इस पर लोग भड़क गए और राजपुरा-पटियाला रोड पर धरना देकर जाम लगा दिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने सरकारी स्कूल के हेडमास्टर को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ केस दर्ज किया। इसके बाद लोगों ने धरना समाप्त कर दिया।

जानकारी के अनुसार कुछ समय पहले ही मिडिल से हाई स्कूल अपग्रेड हुए सरकारी स्कूल में एसएस अध्यापक भूपिंदर सिंह निवासी राजपुरा को हेडमास्टर का एडिशनल चार्ज मिला हुआ था। पुलिस को लिखवाई शिकायत में पीड़ित लड़की की दादी ने बताया कि शुक्रवार को स्कूल में 10वीं में पढ़ने वाली उसकी पोती की क्लास को पढ़ाने भूपिंदर सिंह आया था।
विज्ञापन


उसकी पोती अध्यापक से परमिशन लेकर पेंसिल लेने के लिए जाने लगी तो अध्यापक ने उसे कहा कि मेरे कमरे से जाकर ले आओ। लड़की जब अध्यापक के कमरे से पेंसिल लेने गई तो आरोपी अध्यापक भी कमरे में उसके  पीछे चला गया और उससे अश्लील हरकत करने लगा। लड़की के एतराज करने पर उसे किसी को भी न बताने की धमकी दी।

लड़की ने घर जाकर सारे मामले की जानकारी अपनी दादी को दी। शनिवार-रविवार को स्कूल में छुट्टी होने के कारण सोमवार सुबह गांव के कुछ लोग अध्यापक से मिलने स्कूल पहुंचे तो अध्यापक ने लड़की के चाल चलन पर सवाल उठा दिए। इससे लोग भड़क गए और अन्य गांव वालों को बुलाकर राजपुरा-पटियाला रोड पर धरना दे दिया।

इस दौरान बड़ी संख्या में पहुंची महिलाओं ने भी अध्यापक को गिरफ्तार करने की मांग की। धरने की सूचना मिलते ही खेड़ीगण्डीयां पुलिस के एसएचओ हरी चंद ने आरोपी अध्यापक को स्कूल से हिरासत में लिया और पुलिस स्टेशन ले आए।

इसके बाद एसपी पीएस पन्नू, सिटी पुलिस के एसएचओ राजन परमिंदर सिंह, शंभु पुलिस के एसएचओ महिंदर सिंह भी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को कार्रवाई करने का भरोसा दिया।

इसके बाद सड़क पर धरना लगा रोष प्रदर्शन कर रहे लोग वहां से उठ कर खेड़ीगण्डीयां पुलिस स्टेशन पहुंचे और वहां तब तक डटे रहे जब तक पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज नहीं कर लिया। पुलिस ने आरोपी अध्यापक भूपिंदर सिंह के खिलाफ धारा 354, 4/6, एक्ट 2013 के तहत केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
विज्ञापन

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें