-एक घायल ने खोई आंख की रोशनी, मुआवजा वजह तय होने पर निर्भर
-
मनन सैनी।
गुरदासपुर। थाना सिटी गुरदासपुर के बाहर मंगलवार देर रात हुए धमाके की गुत्थी अब तक सुलझ नहीं सकी है। पुलिस जांच लगातार जारी है और सूत्रों के अनुसार कुछ अहम सुराग मिले हैं जिनके आधार पर जल्द ही पूरा मामला स्पष्ट हो सकता है। इसी बीच धमाके में घायल एक महिला की स्कैन रिपोर्ट सामने आई है, जिसमें उसके शरीर में धातु के कण (मेटैलिक पार्टिकल्स) पाए जाने की पुष्टि की गई है।
डॉक्टरों ने रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया है कि जांच की अपनी सीमा होती है और तुलना के लिए पुरानी मेडिकल रिपोर्ट उपलब्ध नहीं करवाई गई थी। इसी बीच एक अन्य घायल ने बताया कि उसने धमाके के दौरान अपनी एक आंख की रोशनी पूरी तरह खो दी है। एसएसपी आदित्य ने कहा कि मेडिकल रिपोर्ट को जांच का हिस्सा बनाया जा रहा है और सत्यता सामने आते ही पुलिस विस्तृत जानकारी सार्वजनिक करेगी।
शुरुआती थ्योरी पर उठे सवाल
मंगलवार की रात थाना सिटी के ठीक बाहर हुए इस जोरदार धमाके ने पूरे शहर में दहशत का माहौल पैदा कर दिया था। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने इसे टायर फटना बताया था। घटना में तीन लोग घायल हुए थे। इसी दौरान सोशल मीडिया पर खालिस्तान लिबरेशन आर्मी (केएलए) के नाम से एक पोस्ट वायरल हुई जिसमें धमाके की जिम्मेदारी लेते हुए इसे ग्रेनेड अटैक बताया गया। एसपी (डी) डीके चौधरी ने तुरंत स्पष्ट किया कि यह पोस्ट फर्जी है और माहौल खराब करने की कोशिश मात्र है।
घायल बोले- सच सामने लाया जाए
धमाके में घायल सपना शर्मा की स्कैन रिपोर्ट में शरीर में धातु के कण पाए जाने के बाद उन्हें अमृतसर रेफर कर दिया गया है। दूसरे घायल राजेश कुमार ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि धमाके में उनकी एक आंख चली गई। घायलों ने सरकार से अपील की है कि घटना की असल वजह स्पष्ट की जाए, क्योंकि मुआवजे की श्रेणी इसी पर निर्भर करेगी। एसएसपी आदित्य ने कहा कि फोरेंसिक और मेडिकल एंगल समेत सभी पहलुओं पर गहराई से काम हो रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुलिस जल्द ही पूरी सच्चाई सामने लाएगी। धमाके को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं लेकिन आधिकारिक जांच रिपोर्ट आने तक पुलिस ने अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।