सरकारी राजिंदरा अस्पताल की नर्सों ने बादल सरकार के खिलाफ आरपार की लड़ाई छेड़ दी है। रेगुलर करने संबंधी नोटिफिकेशन जारी करने की मांग पर अड़ीं नर्सों ने पटियाला-नाभा रोड पर भाखड़ा नहर के रौणी पुल पर धरना दिया। शाम तक यह धरना जारी था। इस दौरान चार नर्सें पुल के बैरियर पर चढ़ गईं। नर्सों ने चेतावनी दी कि यह धरना मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा।
नर्सों की प्रधान कर्मजीत कौर औलख ने कहा कि कांट्रेक्ट नर्सों को रेगुलर करने संबंधी नोटिफिकेशन सरकार ने अभी तक जारी नहीं की है। रविवार को जब कैबिनेट मंत्री सुरजीत सिंह रखड़ा की कोठी में एक समागम दौरान सीएम प्रकाश सिंह बादल आए थे, तो उनकी मुलाकात कराई गई थी। उस दौरान सीएम ने मौके पर ही प्रिंसिपल सेक्रेटरी विनय महाजन से बात की थी।
साथ ही रेगुलर करने संबंधी नोटिफिकेशन जल्द जारी करने और डीए की किश्त का बकाया देने का भरोसा दिलाया था। बावजूद इसके नर्सों की मांगें अभी तक पूरी नहीं हुई है। जिस कारण नर्सों में काफी रोष है। वह सरकार के खिलाफ आर-पार की लड़ाई लड़ने के मूड में हैं। इसी के तहत आज भाखड़ा के रौणी पुल पर धरना लगाया गया है। मौके पर एसडीएम पूजा स्याल ने पहुंच कर नर्सों को समझाने की कोशिश की, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ।