गांव दुगरी के समीप पलटे वाहन के मौके स्थिति का जायजा लेते पुलिस अधिकारी और पशु मांस को संभालते लोग।
- फोटो : अमर उजाला
खन्ना रोड पर गांव दुगरी के समीप हरे मटर से लदी एक पिकअप गाड़ी के धुंध के कारण मेन रोड पर पलटने से पशु मांस की तस्करी का पर्दाफाश हो गया। गांव के किसानों ने सड़क पर बिखरे पड़े 30 से अधिक पशु मांस को समेट रहे पिकअप मालिकों को रोकने के लिए शोर मचाया तो वह गाड़ी छोड़ फरार हो गए।
उधर, घटना की सूचना मिलने पर डीएसपी अमरगढ़ और जोड़ेपुल पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और गाड़ी व पशु मांस को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी। जांच अधिकारी सुखदेव सिंह ने बताया कि पांच आरोपियों की पहचान कर ली गई है जिनमें मालेरकोटला की जमालपुरा बस्सी का मोहम्मद सलीम उर्फ काका, शहफुर, ताहिर पहलवान, पीरू और अनवर सग्गू हैं।
आरोपियों के खिलाफ स्लाटर एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है, सभी फरार हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने चार पशु चिकित्सकों डॉ. विकास जैन, डॉ. सलीम, डॉ. प्रदीप सिंह और डॉ. जगदेव सिंह का पोस्टमार्टम बोर्ड भी बनाया है। डॉ. विकास जैन ने बताया कि अभी यह कहना मुश्किल है कि कटे हुए अंग बीफ हैं अथवा नहीं, फिलहाल सैंपल लेकर जालंधर लैब में भेजे जा रहे हैं।
हिंदू संगठनों ने अंगों को दफनाया
बजरंग दल और मालेरकोटला के हिंदू संगठनों ने घटनास्थल पर पहुंचकर कटे पशु मांस को जोड़ेपुल में ही धार्मिक मर्यादाओं से दफना दिया। इस मौके पर बजरंग दल के मोहित गर्ग, बिक्रम धामी पहुंचे ।