राजपुरा की पहली कोरोना पॉजिटिव महिला की सोमवार दोपहर पटियाला के सरकारी राजिंदरा अस्पताल में मौत हो गई। गौरतलब है कि वह पिछले कई दिनों से वेंटिलेटर पर थीं। उनका अंतिम संस्कार जिला प्रशासन की ओर से राजपुरा के इस्लामपुर (आनंद नगर) के श्मशान घाट में पूरे धार्मिक रीति-रिवाजों के मुताबिक कराया गया।
मृतक महिला के बाकी परिजन कोरोना पॉजिटिव होने के कारण सरकारी राजिंदरा अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में दाखिल हैं। इसी कारण उन्हें मुखाग्नि उनके भांजे ने दी। महिला के अंतिम संस्कार के दौरान डीसी कुमार अमित की तरफ से जिला लोक संपर्क अधिकारी इशविंदर सिंह ग्रेवाल, एसडीएम राजपुरा टी बैनिथ की तरफ से तहसीलदार हरसिमरन सिंह, डीएसपी राजपुरा आकाशदीप सिंह, एपीआरओ हरदीप सिंह, पटवार यूनियन के जिला प्रधान पटवारी गुरमुख सिंह, पटवारी हरपाल सिंह समेत थाना सिटी राजपुरा के इंचार्ज एसआई बलविंदर सिंह, एपी जैन अस्पताल की मोर्चरी में सेवा निभा रहे कर्मचारी कुलविंदर सिंह मौजूद रहे।
राजपुरा टाऊन पुरानी अनाज मंडी के पीछे रहने वाली महिला पिछले काफी समय से बीमार होने के कारण राजपुरा के डॉ. बीके खुराना से इलाज करवा रही थीं। दिल में तकलीफ होने के चलते उन्हें डालीमा विहार स्थित एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया था। इसी दौरान उनमें कोरोना के लक्षण दिखने पर सैंपल लिए गए।
17 अप्रैल को आई रिपोर्ट में वे संक्रमित पाई गईं। इसके बाद उन्हें पटियाला के राजिंदरा अस्पताल आइसोलेशन वार्ड में दाखिल करवाया गया। इसके बाद प्रशासन की तरफ से उनके संपर्कों की जांच की गई तो उनका पूरा परिवार ही पॉजिटिव पाया गया। उनके दोनों बेटों के संपर्क में आने वाले उनके तीन दोस्तों के परिवार व रिश्तेदार भी संक्रमित पाए गए। उनका उपचार करने वाला डॉक्टर भी संक्रमित है।