पटियाला में समाना हलके के किसानों को ट्यूबवैल के कनेक्शन बांटते डीसी रामवीर सिंह।
- फोटो : अमर उजाला
डीसी रामवीर सिंह ने किसानों से आह्वान किया कि वह अपनी आय में बढ़ोतरी करने के लिए रिवायती फसलों के चक्र से निकलकर सब्जियों, फलों की काश्त और डेयरी फार्मिंग जैसे व्यवसायों को तरजीह दें। यह बात उन्होंने विधानसभा हलका समाना के करीब 217 किसानों को ट्यूबवेल के कनेक्शन बांटने के लिए आयोजित समागम में कही।
सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि किसानों को अपनी आर्थिक दशा मजबूत करने के लिए नई तकनीकों को अपनाकर खेती वैज्ञानिकों के सलाह मशवरे के साथ रोजाना आय देने वाली फसलों की काश्त करनी चाहिए। साथ ही डेयरी फार्मिंग, पोल्ट्री और शहद की मक्खियां पालन जैसे सहायक व्यवसायों को भी अपनाने से संकोच नहीं करना चाहिए।
डीसी ने कहा कि किसान कम पानी की जरूरत वाली फसलें बीजें और पानी का संयम के साथ इस्तेमाल करें। उन्होंने किसानों को कहा कि वह अपनी खेती लागतों को कम करने के साथ-साथ रोजमर्रा के खर्चों को भी तर्कसंगत बनाएं। मौके पर जिला परिषद के चेयरमैन जसपाल सिंह कल्याण ने किसानों को अपील की कि जिन किसानों को ट्यूबवेल के कनेक्शन जारी हुए हैं वह पावरकॉम के दफ्तर से अपने डिमांड नोटिस हासिल करके बनती सिक्योरिटी भरें। यदि कोई अधिकारी व कर्मचारी उन्हें परेशान करता है तो तुरंत सूचित करें।