प्राइवेट कालेज नान टीचिंग यूनियन (एडेड और अनएडेड) के आह्वान पर बुधवार को मिनी सचिवालय के आगे पटियाला और फतेहगढ़ साहिब के सरकारी सहायता प्राप्त प्राइवेट कालेजों के नान टीचिंग इंप्लाइज ने कामकाज छोड़कर जोरदार धरना दिया। इस मौके पर पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई।
कर्मचारियों ने भर्ती पर लगी रोक हटाने, वादे के मुताबिक संशोधित ग्रेड पे देने समेत कई अन्य मांगें उठाईं। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर मांगों को तुरंत माना न गया, तो अप्रैल के पहले हफ्ते में राज्यस्तरीय रैली की जाएगी और आने वाली यूनिवर्सिटी परीक्षाओं का बायकाट किया जाएगा। इसकी सारी जिम्मेदारी पंजाब सरकार की होगी।
नान टीचिंग इंप्लाइज यूनियन के पंजाबी यूनिवर्सिटी विंग के उपप्रधान अजय कुमार गुप्ता ने कहा कि पंजाब सरकार के प्रमुख सचिव ने 11 मार्च को प्राइवेट कालेज नान टीचिंग इंप्लाइज यूनियन के नुमाइंदों के साथ वादा किया था कि उनकी तीन प्रमुख मांगों को मानते हुए पंजाब सरकार दो हफ्ते में नोटिफिकेशन जारी करेगी। सरकार की ओर से भर्ती पर लगी रोक हटाने के लिए जो एक नोटिफिकेशन जारी किया गया है, वह भी ठीक नहीं है।
पंजाब के प्राइवेट कालेजों में नान टीचिंग की 924 पोस्टें खाली हैं, लेकिन पंजाब सरकार की ओर से अगले तीन साल में 342 पद भरने का ही नोटिफिकेशन जारी किया गया है और इसमें भी केवल कुछ श्रेणियों की भर्ती पर ही रोक हटाई गई है। दर्जा चार, लाइब्रेरी स्टाफ की भर्ती आदि पर रोक अब भी जारी है इसलिए नान टीचिंग इंप्लाइज में ज्यादा रोष है।
इस मौके पर एडीसी मोहिंदरपाल को यूनियन की मांगों संबंधी एक ज्ञापन भी दिया गया। ज्ञापन के जरिये नई ग्रेड पे लागू करने, बढ़ी दर से हाउस रेंट लागू करने, 4, 9, 14 स्टेप अप इंक्रीमेंट लागू करने, पेंशन व ग्रेच्युटी लागू करने, सीसीए और रूरल भत्ता लागू करने की मांग की गई।