फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आठ माह बाद मिला किसानों का सामान: नाभा काउंसिल के ईओ की रिहायश के पास खुदाई में बरामदगी

Wed, 19 Nov 2025 08:16 PM IST
चंडीगढ़ ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटियाला (पंजाब)

सार

नगर काउंसिल के ईओ गुरचरण सिंह ने कहा कि हालांकि यह घर उनके नाम पर आवंटित किया गया है, लेकिन वह इसमें नहीं रहते हैं। इसलिए उन्हें नहीं पता कि ट्रालियों का सामान यहां किसने दबाया है।
विज्ञापन
नाभा नगर काउंसिल के ईओ की सरकारी रिहायश से बरामद सामान - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

किसान आंदोलन के दौरान शंभू बाॅर्डर से चोरी हुआ किसानों का सामान करीब आठ माह बाद नाभा नगर काउंसिल के ईओ गुरचरण सिंह की सरकारी रिहायश के बगीचे में खुदाई में बरामद हुआ। पंजाब पुलिस टीम ने किसानों की मांग पर सरकारी कोठी के सामने जेसीबी से खुदाई की।
विज्ञापन


मंगलवार से बड़ी संख्या में किसान नाभा नगर काउंसिल के ईओ के घर के बाहर धरने पर बैठे थे। किसानों ने कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि शंभू बाॅर्डर में किसानों की ट्रालियों से चोरी हुआ सामान ईओ की सरकारी रिहायश के पास एक पेड़ के नजदीक जमीन में दबा है। उनके बढ़ते रोष को देखते हुए खुदाई का काम शुरू किया गया।

जब पुलिस टीम ने नायब तहसीलदार की मौजूदगी में सरकारी रिहायश के बगीचे में जेसीबी से खुदाई कराई तो करीब चार फीट गहरा खोदने पर अंदर से सामान बरामद हुआ। सामान में तंबू, तंबू बनाने में इस्तेमाल होने वाला लोहे का ढांचा और जाल बरामद हुए। किसानों ने दावा किया कि यह उन ट्रालियों का सामान है जो शंभू बाॅर्डर से चोरी हुआ था। इससे पहले नाभा नगर काउंसिल के अध्यक्ष सुजाता चावला के पति पंकज पप्पू की वर्कशाॅप से चोरी हुई ट्राॅली के टायर बरामद हुए थे। इस मामले में किसानों ने पंकज पप्पू के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज करवाया था।

ईओ बोले- मैं यहां नहीं रहता, आप का दफ्तर है

नगर काउंसिल के ईओ गुरचरण सिंह ने कहा कि हालांकि यह घर उनके नाम पर आवंटित किया गया है, लेकिन वह इसमें नहीं रहते हैं। इसलिए उन्हें नहीं पता कि ट्रालियों का सामान यहां किसने दबाया है। यह जांच का विषय है और जिसने भी यह सामान दबाया है उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। ईओ ने बताया कि आप नेता पंकज पप्पू ने इस सरकारी रिहायश में अपना दफ्तर बना रखा है। पप्पू को नगर काउंसिल के पार्षदों ने प्रस्ताव पास करके सुपरवाइजर बनाया था।

जो भी दोषी होगा सख्त कार्रवाई की जाएगी: जांच अधिकारी

सीआईए स्टाफ पटियाला के जांच अधिकारी दविंदर सिंह ने बताया कि किसानों की मांग पर जेसीबी से खुदाई करके किसानों की ट्रालियों से चोरी हुआ कुछ सामान बरामद किया गया है। इस मामले की जांच कर रहे हैं। जो भी दोषी होगा सख्त कार्रवाई की जाएगी। भारतीय किसान यूनियन एकता आजाद के नेता मनजीत सिंह न्याल और किसान नेता चमकौर सिंह ने कहा कि पुलिस मामले की जांच करे और आरोपियों को सलाखों के पीछे डाले। किसानों ने कहा कि जब सरकारी रिहायश से चोरी का सामान मिलने लगेगा तो आम जनता किस पर भरोसा करेगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें