भवानीगढ़ में तेज आंधी के कारण कारों पर गिरा दरख्त।
- फोटो : अमर उजाला
सोमवार के दिन संगरूर में दोपहर के समय आई तेज बारिश और आंधी के दौरान अजब नजारा देखने को मिला। समय दोपहर का था लेकिन अंधेरा इतना था कि मानों रात का समय हो। तेज बारिश, आंधी और ओलावृष्टि से भले ही मौसम का मिजाज बदल गया और लोगों को गर्मी से राहत मिली किंतु यह बारिश लोगों के लिए आफ्त भी बन गई। तेज आंधी के कारण कई जगह बड़े बड़े दरख्त धराशाई हो गए और कई जगह दीवारें गिर गईं। इसके चलते घंटों बिजली सप्लाई ठप पड़ गई।
दोपहर करीब दो बजे आसमान पर छाए घने बादलों से पानी के साथ जमकर ओलावृष्टि हुई। आधा घंटे के लिए पूरा शहर अंधेरे में डूब गया और घरों, दफ्तरों और सड़कों पर दौड़ रहे वाहनों की जल रही लाइटें रात का नजारा पेश कर रही थी। आधा घंटा जोरदार बारिश से पूरा शहर जलथल हो गया। कई इलाकों में तो घरों में पानी प्रवेश कर गया ऐसे में लोग बाल्टियों से अपने घरों से पानी बाहर निकालते काउंसिल की कारगुजारी को कोसते देखे गए।
तेज बारिश और आंधी के कारण जहां धूरी में तहसील कांप्लेक्स की दीवार गिर गई, वहीं भवानीगढ़ में एक बड़ा दरख्त कार पर गिर गया, जिससे कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। कार के मालिक अनिल कुमार जो गांव रेतगढ़ के सरकारी स्कूल में अध्यापक हैं ने बताया कि दोपहर के समय उन्होंने अपनी अल्टो कार दरख्त के नीचे खड़ी की थी कि अचानक तेज आंधी की वजह से एक बड़ा दरख्त उनकी कार पर गिर गया जिससे कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।