पंजाब घने कोहरे की चपेट में है। जालंधर-जम्मू नेशनल हाईवे पर गांव काला बकरा के पास घनी धुंध के कारण पांच वाहन आपस में टकरा गए। पहले एक अज्ञात ट्रक के पीछे चल रहे टिप्पर की उससे जोरदार टक्कर हो गई, जिसके बाद पीछे से आ रही कई अन्य गाड़ियां भी एक-दूसरे से भिड़ गईं।
हादसे में वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा है, हालांकि राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। वाहनों की टक्कर के चलते हाईवे पर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा बल मौके पर पहुंचा और क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे करवाकर यातायात को नियंत्रित किया।
इसके बाद हाईवे को दोबारा सुचारू रूप से चालू कर दिया गया। आज भी जालंधर धुंध की चादर में लिपटा हुआ है। हादसे में वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। सड़क सुरक्षा बल ने मामले की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
बुधवार को कोहरे के कारण अमृतसर में दृश्यता शून्य रही जबकि फरीदकोट में 20 मीटर, बठिंडा में 40 मीटर, लुधियाना में 200 मीटर और पटियाला में 300 मीटर दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिन पंजाब में अत्यधिक घना कोहरा रहने का अनुमान है और इस दौरान ठंड में वृद्धि होगी।
बुधवार को पंजाब के अधिकतम तापमान में 0.4 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई, जो सामान्य से 2.5 डिग्री अधिक रहा। श्री आनंदपुर साहिब में सबसे अधिक 27.1 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान में भी 0.2 डिग्री की वृद्धि हुई, जो सामान्य से 3.6 डिग्री ऊपर था। होशियारपुर में न्यूनतम पारा 6.7 डिग्री, जबकि अमृतसर में यह 7.0 डिग्री रहा। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में ठंड बढ़ने के साथ-साथ कोहरे का असर भी बना रहेगा।