शिविर का दौरा करती डीसी डॉ. प्रीति यादव
- फोटो : अमर उजाला
पटियाला की डीसी डॉ. प्रीति यादव ने आप सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत गांव खरौला में आयोजित विशेष शिविर की समीक्षा की। उन्होंने मौके पर मौजूद विभिन्न विभागों के अधिकारियों को लोगों की समस्याओं के समाधान और सरकारी सेवाएं प्रदान करने में किसी भी प्रकार की ढिलाई न बरतने के निर्देश दिए। इस अवसर पर एसडीएम राजपुरा अविकेश गुप्ता भी उपस्थित थे।
उपायुक्त ने सरकारी प्राथमिक विद्यालय में छात्रों से बातचीत की और स्कूल में दी जा रही शिक्षा और मिड डे मील की भी समीक्षा की।
इस अवसर पर डॉ. प्रीति यादव ने स्वास्थ्य विभाग, ग्रामीण विकास एवं पंचायत, श्रम विभाग, जिला रोजगार एवं उद्यमिता ब्यूरो, सामाजिक सुरक्षा, वन विभाग, सहकारिता आदि विभागों के स्टॉलों का दौरा किया और प्रदान की जा रही सेवाओं की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों में आने वाले नागरिकों की समस्याओं को पूरी गंभीरता से सुना जाए और उनका समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उपायुक्त ने लोगों से अपील की कि वे मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार की तरफ से चलाई जा रही आप सरकार आपके द्वार अनूठी पहल के तहत आयोजित किए जा रहे जन सुविधा शिविरों का लाभ उठाएं।
डॉ. प्रीति यादव ने कहा कि ऐसे शिविरों में लोगों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान करके सांझ केंद्र और सेवा केंद्रों सहित विभिन्न विभागों द्वारा प्रदान की जाने वाली सेवाएं एक ही छत के नीचे लोगों को प्रदान करने को प्राथमिकता दी जा रही है।