अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला। पंजाब में दिन का पारा मंगलवार को सामान्य से 2.3 डिग्री नीचे गिर गया। तापमान में 0.9 डिग्री की कमी दर्ज की गई। इसके साथ ही पंजाब के न्यूनतम तापमान में भी 0.5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। फिलहाल पंजाब का न्यूनतम पारा सामान्य के पास बना हुआ है लेकिन लुधियाना, पटियाला और बठिंडा शहरों का न्यूनतम पारा सामान्य के नीचे दर्ज किया गया। पंजाब में चार डिग्री के तापमान के साथ फरीदकोट सबसे ठंडा रहा। मौसम विभाग के मुताबिक पंजाब में अगले सात दिन कुछ जगहों पर हल्के से मध्यम कोहरा पड़ेगा। इस दौरान पंजाब में मौसम शुष्क ही बना रहेगा। अगले पांच दिन के दौरान पंजाब के न्यूनतम तापमान में फिलहाल बड़ा बदलाव नहीं आएगा।
पंजाब में सबसे अधिक 27.2 डिग्री का पारा बठिंडा का दर्ज किया गया। वहीं, अमृतसर का अधिकतम तापमान 22.3 डिग्री, लुधियाना का 23.4 डिग्री, पटियाला का 24.4 डिग्री, पठानकोट का 22.6 डिग्री, गुरदासपुर का 24.0 डिग्री, फिरोजपुर का 23.6 डिग्री, होशियारपुर का 22.5 डिग्री व फाजिल्का का 24.9 डिग्री दर्ज किया गया। अमृतसर का न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री, लुधियाना का 7.4 डिग्री (सामान्य से 1.8 डिग्री नीचे), पटियाला का 8.4 डिग्री (सामान्य से 1.8 डिग्री नीचे), पठानकोट का 7.4 डिग्री, बठिंडा का 5.6 डिग्री (सामान्य से 2.8 डिग्री नीचे), फिरोजपुर का 6.7 डिग्री और होशियारपुर का 8.0 डिग्री दर्ज किया गया।