पटियाला में मांगों को लेकर सांसद धर्मवीर गांधी की अगुवाई में मार्च निकालते दलित मजदूर।
- फोटो : अमर उजाला
स्थानीय वीर हकीकत राय पार्क में जिले भर से मनरेगा महिलाएं और काफी गिनती में दलित मजदूर इकट्ठा हुए और रैली की। रैली में खास तौर से सांसद डा. धर्मवीर गांधी भी पहुंचे।
इस मौके पर पंजाब सरकार के फैसले के मुताबिक दलितों को पांच-पांच मरले के रिहायशी प्लाट अलाट करने, गरीबों के कच्चे मकानों को पक्का करने के लिए दो लाख की सहायता राशि देने समेत और कई जायज मांगें उठाई गईं।
डा. गांधी ने रैली को संबोधित करते हुए सरकार से मांग की कि मनरेगा के बकाया की तुरंत अदायगी की जाए। काम की सौ दिन की सीमा को बढ़ाकर 365 दिन किया जाए। साथ ही रोजाना का वेज बढ़ाकर 500 रुपये किया जाए। इस मौके पर दलितों को बड़ी लड़ाई के लिए तैयार रहने की अपील की गई।
डा. गांधी ने कहा कि कांग्रेस, अकाली-भाजपा और आप से दलितों को कोरे वादों के अलावा कुछ नहीं मिलने वाला है। साथ ही कहा कि जब तक पंजाब के गरीब किसान, मजदूर गरीबी, अनपढ़ता, बेरोजगारी व नशों के सेवन के खिलाफ बड़ी जंग नहीं छेड़ते हैं, तब तक पंजाब के पिछड़े वर्गों को इन बुराइयों से मुक्ति नहीं मिल सकती है।
रैली के बाद वीर हकीकत राय पार्क से लीडरों की अगुवाई में पैदल मार्च निकाला गया, जो डीसी दफ्तर तक गया। जहां मांगों को लेकर एक ज्ञापन दिया गया। चेतावनी दी गई कि अगर 15 दिनों में मांगें न मानी गईं, तो जोरदार आंदोलन किया जाएगा।