जिले के एक गांव में एक लड़की की आपत्तिजनक तस्वीरों को सार्वजनिक करने का दावा कर उसके पिता से दो लाख रुपये की ब्लैकमेलिंग करने के आरोप में थाना भादसो पुलिस ने एक महिला समेत दो लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
आरोपी खुद को मीडिया से जुड़ा बता रहे थे। थाना भादसों पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस को दी गई शिकायत में एक व्यक्ति ने बताया कि एक महिला व एक व्यक्ति उसके घर पर आए थे।
इन दोनों ने उससे कहा कि उनके पास उसकी बेटी की आपत्तिजनक तस्वीरें हैं, जिसे वो सार्वजनिक कर उसकी लड़की की बदनामी कर सकते हैं। इसके लिये उन्होंने दो लाख रुपये की मांग की और खुद को मीडिया से जुड़ा बताया। शिकायतकर्ता ने उन्हें ऐसा करने से रोका और बताया कि वो गरीब आदमी है और दो लाख रुपये नहीं दे सकता। आखिर मामला पचास हजार रुपये में निपटा।
दोनों आरोपियों को भादसों बस स्टैंड के नजदीक पचास हजार रुपये देने की बात हो गई। पीड़ित इस मामले को अपने गांव के कुछ चुनिंदा लोगों से साझा की। लोगों ने मामला भादसों पुलिस तक पहुंचा दिया।
तीन जुलाई को आरोपी महिला व उसका साथी पैसे लेने के लिए बाइक पर भादसों बस अड्डे पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपियों को धर लिया। आरोपियों की पहचान सरताज सिंह निवासी गांव हल्ला जिला पटियाला एवं सोनिया निवासी करोड़ी चौक अमृतसर के रुप में हुई है। पुलिस इनसे पूछताछ कर रही है।