पंजाब के पटियाला में स्थित एक सरकारी स्कूल में फिजिकल के अध्यापक द्वारा एक छात्रा को बहाने से बुलाकर अश्लील हरकतें करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में पीड़ित छात्रा के बयान पर आरोपी को नामजद कर लिया है लेकिन अभी उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
यह वारदात 27 मई की है, जब दसवीं में पढ़ने वाली छात्रा ने स्कूल में रोजाना की तरह सुबह अपनी डांस की कक्षा लगाई। जैसे ही वह डांस का अभ्यास करने के बाद वहां से जाने लगी तो स्कूल के फिजिकल अध्यापक ने छात्रा को अकेली देखकर उसे बहाने से स्कूल के खेल वाले कमरे में बुला लिया।
वहां वह छात्रा के साथ अश्लील हरकतें करने लगा। किसी तरह से छात्रा ने अपना बचाव किया और आरोपी को धक्का मारा व वहां से भाग निकली। बाद में छात्रा ने अपने साथ हुई इस गलत हरकत के बारे में अपनी मां को बताया। इसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा और अब पुलिस ने मामले में आरोपी अध्यापक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
यहां खास बात यह है कि आरोपी अध्यापक 58 साल का है और उसे मंगलवार को सेवानिवृत्त होना था। मामले की जांच अधिकारी एएसआई जसप्रीत कौर ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। उन्होंने बताया कि लड़की के अदालत में भी बयान दर्ज करवा दिए गए हैं। उधर, स्कूल प्रशासन ने भी आरोपी अध्यापक के खिलाफ रिपोर्ट बनाकर शिक्षा विभाग को कार्रवाई के लिए भेज दी है।