मालेरकोटला (संगरूर)। सप्ताहभर पहले साहिबजादा पब्लिक स्कूल से अपह्रत हुई नौवीं कक्षा की हाकी खिलाड़ी छात्रा को पुलिस ने फतेहगढ़ साहिब से बरामद किया है। पुलिस का दावा है कि छात्रा को अगवा नहीं किया गया था बल्कि हाकी स्टार बनने की चाहत लेकर छात्रा खुद स्कूल से गायब होकर फतेहगढ़ साहिब पहुंच गई थी।
इस संगीन मामले में अब स्थिति यह पैदा हो गई है कि यह छात्रा अब अपने मां-बाप के घर जाने को तैयार नहीं है और न ही उसके ननिहाल वाले उसे संभाल पाने में समर्थ हैं। छात्रा का कहना है कि वह हाकी की दुनिया में अपनी पहचान बनाना चाहती है।
डीएसपी मालेरकोटला विलियम जेजी ने मंगलवार दोपहर छात्रा के अभिभावकों की मौजूदगी में पत्रकारों से बातचीत में बताया कि बेशक पुलिस ने छात्रा के अगवा के इस मामले को बेनकाब कर दिया है और छात्रा को बरामद भी कर लिया गया है।
बावजूद इसके छात्रा के अपने अभिभावकों के साथ न जाने की उसकी जिद ने पुलिस को भी पसोपेश में डाल दिया है। अब पुलिस जिले के आला अधिकारियों से सलाह करके छात्रा के इस संबंधी अदालत में बयान कलमबद्ध करवाकर इसे किसी हाकी अकादमी में दाखिल करवाएगी।
इसके लिए पुलिस किसी स्वयंसेवी संस्था की भी मदद लेगी। छात्रा के अगवा संबंधी इस केस में पुलिस द्वारा की गई बरामदगी के दौरान मालेरकोटला पुलिस को फतेहगढ़ साहिब की एक महिला की भूमिका भी शक है जिसके बारे में अभी जांच की जा रही है।