तेहगढ़ साहिब में पकड़े गए वाहन लूट गिरोह से सदस्य।
- फोटो : अमर उजाला
सीआईए स्टाफ सरहिंद पुलिस ने भारी वाहन लूटने और चोरी करने वाले एक गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से लूटे का एक टिप्पर और एक ट्रक भी बरामद किया है।
एसएसपी गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि सीआईए स्टाफ सरहिंद के सहायक थानेदार गुरमीत कुमार को सूचना मिली थी मनजीत सिंह उर्फ काका (28) कुलदीप सिंह कीपा, हरजीत सिंह उर्फ जीता उर्फ सरदूल सिंह निवासी वाटर सप्लाई वाली गली जंडियाला गुरु अमृतसर, रणजोध सिंह उर्फ राणा (27) निवासी गांव भुल्लर जिला तरनतारन, जसपाल सिंह उर्फ गोपी (29) निवासी गांव गुन्नोवाल थाना जंडियाला गुरु अमृतसर और रिंकू उर्फ बुल्ला (35) निवासी गांव गहरी मंडी थाना जंडियाला अमृतसर और इनके साथी वाहन लूटने और चोरी करने की वारदातों को अंजाम देते हैं और वाहनों को दूसरे राज्यों में बेच देते हैं।
एसएसपी ने बताया कि उक्त कथित दोषियों ने फतेहगढ़ साहिब और साथ लगते कई और जिलों में इस तरह की वारदातों को अंजाम दिया है। इस पर उक्त आरोपियों के विरुद्ध 15 फरवरी को थाना सरहिंद में धारा 379, 380, 382 और 34 के अधीन मामला दर्ज किया गया था। इनमें से मनजीत सिंह काका, रणजोध सिंह राणा, जसपाल सिंह गोपी और रिंकू उर्फ बुल्ला को सीआईए सरहिंद की पुलिस पार्टी ने गिरफ्तार किया है। काबू किए सभी आरोपी पुलिस रिमांड पर हैं।
प्राथमिक पूछताछ से पता चला है कि यह लोग ट्रक, टिप्पर चालक को अकेला देख उससे रास्ता पूछने के बहाने वाहन लूटकर उसे रास्ते में किसी सूनसान जगह पर बांध देते थे और ट्रक पर नकली नंबर लगाकर उससे ही वारदातों को अंजाम देते थे। बाद में टिप्पर का चेसिस व इंजन नंबर बदल कर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर यूपी में बेचते थे। पकड़े गए सभी आरोपी ड्राइवरी जानते हैं।