पंजाब के पटियाला में नाभा रोड पर दिल दहलाने का मामला सामने आया है। गुरुवार रात एक तेज रफ्तार स्कार्पियो ने साइकिल सवार युवक को बुरी तरह से कुचल दिया। हादसा इतना भयानक था कि युवक का सिर ही धड़ से अलग हो गया। घटना के एक दिन बाद भी पुलिस युवक का सिर बरामद नहीं कर सकी।
पुलिस ने स्कार्पियो बरामद करने के साथ चालक सुखमन सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल वह फरार है। पुलिस के मुताबिक हादसे के वक्त स्कार्पियो में दो और युवक थे, जिनकी पहचान बाकी है।
जांच अधिकारी लखबीर सिंह ने बताया कि पटियाला के तफज्जलपुरा का रहने वाला नवदीप कुमार (42) गुरुवार देर रात करीब सवा 12 बजे साइकिल पर कॉफी मशीन लादकर काम से घर की ओर जा रहा था। वह पार्टी में कॉफी स्टॉल लगाने का काम करता था।
नाभा रोड पर पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह के पूर्व मीडिया सलाहकार भरतइंद्र सिंह चाहल के शोरूम के नजदीक नवदीप की साइकिल में पीछे से एक सफेद रंग की स्कार्पियो ने टक्कर मारी और उसे कुचलते हुए फरार हो गए।
युवक का धड़ वहीं पड़ा रहा। किसी ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पुलिस पहुंची तो शव को देखते उसके भी होश उड़ गए।
सड़क पर लगे खून के निशान से आरोपी तक पहुंची पुलिस
पुलिस के मुताबिक सड़क पर खून और टायरों के निशान थे। उन निशानों का पीछा करते हुए पुलिस हादसे वाली जगह से गुरुद्वारा श्री दुखनिवारण साहिब और फिर हरजिंदर नगर तक पहुंची, जहां पर एक खाली प्लाट में गाड़ी खड़ी थी। गाड़ी की नंबर प्लेट टूटी थी। चेसिस नंबर के जरिये मालिक का पता लगाकर उसके घर तक पुलिस पहुंची।
जांच में पता चला कि स्कार्पियो पटियाला की सिद्धू कालोनी का रहने वाला सुखमन सिंह चला रहा था। पुलिस के मुताबिक हादसे के वक्त गाड़ी में सुखमन समेत सवार दो अन्य लड़के खूब हुल्लड़बाजी कर रहे थे और ऊंची आवाज में गाने चला रखे थे। पुलिस के मुताबिक पूछताछ के बाद बाकी दो आरोपियों की पहचान करके उन्हें भी नामजद किया जाएगा।
परिजनों का आरोप, सिर साथ ले गए
नवदीप के भाई संजीव कुमार का आरोप है कि आरोपी उसके भाई का सिर अपने साथ ले गए हैं। उसने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी बोलेरो व स्कार्पियो के बीच रेस लगा रहे थे। इसी दौरान स्कार्पियो कार ने उसके भाई नवदीप कुमार के साइकिल को जोरदार टक्कर मार कर उसे कुचल दिया। आरोप लगाया कि आरोपी जाते वक्त उसके भाई का सिर साथ ले गए हैं।
गाड़ी में फंसा सिर, फेंकने का अंदेशा : पुलिस
थाना त्रिपड़ी इंचार्ज प्रदीप सिंह बाजवा का कहना है कि ऐसा अंदेशा है कि हादसे के दौरान युवक का सिर गाड़ी में फंस गया हो, जिसे बाद में युवक ने कहीं फेंक दिया हो। सुखमन के पकड़े जाने के बाद ही इसका खुलासा हो सकेगा।
घटनास्थल की सीसीटीवी फुटेज मिल गई है। सिर की तलाश जारी है। आरोपियों की धड़पकड़ जारी है।
-जसविंदर सिंह टिवाणा, डीएसपी सिटी टू