हरियाणा सेहत विभाग की एक टीम ने पटियाला स्थित एक अल्ट्रासाउंड केंद्र में छापा मारा।
टीम को छापामारी के दौरान कोई एतराज योग्य रिकार्ड या मशीन नहीं लगी मिली लेकिन टीम का कहना है कि इस सेंटर में लिंग जांच की जा रही है इसलिए हरियाणा में मामला दर्ज किया जाएगा।
हरियाणा से कैथल की सिविल सर्जन डा. वंदना वालिया की अगुवाई वाली टीम की ओर से लाहौरी गेट स्थित एक अल्ट्रासाउंड सेंटर में छापा मारा गया। सिविल सर्जन का कहना है कि उनको सूचना मिली थी कि कैथल स्थित एक अल्ट्रासाउंड सेंटर से पटियाला के इस सेंटर में महिलाएं भेज कर लिंग जांच कराई जाती है। इसी के तहत वह अपने साथ एक महिला लेकर आए थे। जिसको 20 हजार रुपये निशानी लगाकर दिए गए और जांच के लिए अल्ट्रासाउंड सेंटर में भेजा गया था।
डा. वालिया के अनुसार सेंटर के अंदर उक्त महिला से लिंग जांच करने के लिए 20 हजार रुपये लिए गए। रिपोर्ट के बारे में फोन पर बताने के लिए कहा गया है। हरियाणा टीम के अनुसार उन्होंने अल्ट्रासाउंड सेंटर में काम करने वाले एक व्यक्ति से निशानी लगे 20 हजार के नोट बरामद कर लिए हैं हालांकि जांच संबंधी कोई मशीनी रिकार्ड नहीं मिला है।
इसी बीच पटियाला के एसएमओ डा. मनजीत सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि उनको हरियाणा टीम के छापे के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। हरियाणा टीम की ओर से बिना किसी तालमेल के छापा मारा गया है। कैथल सिविल सर्जन डा. वालिया ने कहा कि वह पटियाला के इस अल्ट्रासाउंड सेंटर के खिलाफ कैथल में ही मामला दर्ज कराएंगे क्योंकि पंजाब में उनको सही कार्रवाई होने की उम्मीद नहीं है।