समाना के वल्लमगढ़ में किसान की उसकी पत्नी की ओर से अपने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या करने और फिर मामले को छिपाने के लिए लाश को भाखड़ा नहर में फेंकने का मामला सामने आया है। सिटी समाना पुलिस ने मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करके उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक समाना के गांव वल्लमगढ़ का किसान बहादुर सिंह (50) पुत्र चंद सिंह छह जून को अपनी पत्नी राजप्रीत कौर के साथ समाना में एक जमीन के केस के संबंध में अदालत में पेशी भुगतने आया था। बाहर आने के बाद से वह लापता हो गया था। पत्नी राजप्रीत भी ससुराल नहीं पहुंची, बल्कि कोर्ट से अदालत चली गई थी। किसान के भतीजे गुरबख्श सिंह ने ही पुलिस के पास गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। किसान के परिवार वालों ने राजप्रीत कौर पर संदेह भी जताया था कि उसका चरित्र ठीक नहीं है। इसी बीच बुधवार को पुलिस ने बहादुर सिंह की लाश को हरियाणा के समालाबाद के पास से नहर से बरामद कर लिया।
पुलिस के मुताबिक जब राजप्रीत कौर से सख्ती से पूछताछ की गई, तो उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया कि उसके काहनगढ़ के रहने वाले बलविंदर सिंह के साथ संबंध थे। कोर्ट में पेशी भुगतने के बाद वह और बलविंदर सिंह बहला-फुसलाकर बहादुर सिंह को टैक्सी में बिठाकर अपने साथ ले गए। फिर रस्सी से उसका गला घोंट दिया और लाश को सरहंद के पास नहर में फेंक दिया।