समाना के गुरु नानक नगर के रहने वाले भंगड़ा कलाकार सतनाम सिंह उर्फ सत्ता बाई की रस्सियों से बंधी लाश भाखड़ा नहर से बरामद हुई है। वह पिछले बुधवार से लापता थे। सिटी समाना पुलिस ने पर्चा दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
सत्ता बाई के चाचा और अन्य परिजनों ने उसकी पत्नी और एक अन्य व्यक्ति पर उसका कत्ल करके लाश भाखड़ा नहर में फेंकने के आरोप लगाए हैं। पिछले बुधवार को जब सत्ता बाई लापता हुए थे, तो परिवार के लोगों को उनका मोटरसाइकिल भाखड़ा नहर के नजदीक स्टैंड पर खड़ा मिला था।
शक जताया जा रहा था कि उन्होंने भाखड़ा नहर में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली है। सतनाम के चाचा जोगिंदर सिंह व कुछ अन्य पारिवारिक मेंबर इस मामले को सुसाइड न मानकर कत्ल बता रहे थे। चाचा ने सतनाम सिंह की पत्नी और एक अन्य व्यक्ति पर कत्ल का आरोप लगाया था।
इसी बीच सोमवार को पुलिस को सतनाम सिंह की रस्सियों से बंधी लाश भाखड़ा नहर में से खन्नौरी साइड से मिल गई। सतनाम सिंह के सिर और अन्य जगहों पर चोट के गहरे निशान होने की बात सामने आ रही है।
शक जताया जा रहा है कि लाश को पत्थर या किसी अन्य भारी चीज से बांधकर भाखड़ा नहर में फेंका गया था। सिटी समाना थाना इंचार्ज दलजीत सिंह विर्क ने बताया कि सतनाम सिंह के परिजनों के बयान लिए जा रहे हैं, उसके आधार पर जल्द पर्चा दर्ज किया जाएगा।