पुलिस ने कुछ दिन पहले हुए पूर्व फौजी के ब्लाइंड मर्डर केस की गुत्थी सुलझाने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक पूर्व फौजी की हत्या अवैध संबंधों के कारण हुई। पूर्व फौजी की प्रेमिका और उसके प्रेमी ने मिलकर उसका कत्ल कर दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हथियार समेत गिरफ्तार कर लिया है।
एसएसपी गुरमीत सिंह चौहान ने पुलिस लाइन में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि 15 सितंबर को पुलिस ने दीप नगर के नशा मुक्ति केंद्र के पास से 70 साल के पूर्व फौजी निर्मल सिंह निवासी दीप नगर का शव बरामद किया था। निर्मल सिंह के सिर व गले पर तेजधार हथियार से चोट के निशान थे। पास ही एक साइकिल पड़ी थी और लाश कपड़े से ढकी हुई थी।
केस में थाना त्रिपड़ी में अज्ञात लोगों के खिलाफ कत्ल का केस दर्ज करके पुलिस ने जब जांच शुरू की तो सामने आया कि मरने वाले पूर्व फौजी के परमजीत कौर उर्फ पम्मी (45) निवासी दीप नगर के साथ संबंध थे। पूर्व फौजी के अलावा उक्त महिला के एक और युवक जगरूप सिंह (25) निवासी गांव मानकी जिला संगरूर के साथ ही संबंध थे। निर्मल सिंह को जब इन दोनों के संबंधों के बारे में पता लगा तो उसने एतराज किया। इस बात को लेकर दो माह से पूर्व फौजी और उक्त युवक में तकरार चल रही था।
सूचना के आधार पर पुलिस ने भादसों चुंगी पटियाला से परमजीत कौर व उक्त युवक को गिफ्तार करके जब सख्ती से पूछताछ की तो दोनों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। आरोपियों ने बताया कि साजिश के तहत परमजीत कौर ने निर्मल सिंह को वारदात की रात अपने घर बुलाया और वहां शराब पिलाने के बाद दोनों ने मिलकर निर्मल सिंह का कत्ल कर दिया।
बाद में लाश को दीप नगर के नशा मुक्ति केंद्र के पास फेंक दिया और वापस आकर घर पानी से साफ कर दिया। एसएसपी ने बताया आरोपी जगरूप सिंह गांव लांडरा के पास प्राइवेट सिक्योरिटी गार्ड का काम करता है। परमजीत कौर के पति की दो साल पहले मौत हो चुकी है।