नाभा में अपने दोस्त से मिलने आए लुधियाना के युवक का कत्ल हुआ था। घटना के कई महीने बाद पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ कत्ल का केस दर्ज किया है, जबकि पहले मामले में 174 सीआरपीसी की कार्रवाई हुई थी। पुलिस के मुताबिक युवक के पिता के बयान पर पुलिस ने जांच के बाद यह कार्रवाई की है।
मामले के जांच अधिकारी सदर नाभा के इंचार्ज राहुल कौशल ने बताया कि हरचंद सिंह निवासी सिरथला तहसील पायल जिला लुधियाना का लड़का जसवीर सिंह (22) पिछले साल 30 अक्तूबर को नाभा में अपने दोस्त से मिलने के लिए मोटरसाइकिल पर आया था। बाद में वह घर नहीं पहुंचा। परिवार वालों ने पुलिस को सूचना दी। इसी बीच 2 नवंबर 2015 को गांव भोड़े में नहर की पटड़ी के पास से लावारिस हालत में जसबीर सिंह का मोटरसाइकिल बरामद हुआ था और उसकी लाश गांव संगतीवाला थाना छाजली जिला संगरूर की नहर से मिली थी।
पुलिस ने मामले में 174 सीआरपीसी की कार्रवाई की थी। लेकिन नाभा पुलिस की कार्रवाई से संतुष्ट न होते हुए मृतक युवक के पिता हरचंद सिंह ने खन्ना एसएसपी के पास आवेदन देकर मामले में जांच की मांग की। जांच के बाद खन्ना एसएसपी की सिफारिश पर अब सदर नाभा पुलिस ने मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक जांच में जसवीर सिंह की हत्या होने के सुराग मिले हैं। पिता ने युवक के दोस्त पर शक जताया है। उससे पूछताछ की जाएगी।